होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर में रफ्तार के कहर ने चार घरों के चिराग बुझा दिए। जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना मुकेरियां शुगर मिल के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने पहले दो स्कूटियों को रौंदा और उसके बाद सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटियों के परखच्चे उड़ गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शादी समारोह से लौट रहे थे युवक
यह दिल दहला देने वाला हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए चारों युवक स्थानीय पैलेस और होटलों में काम करते थे। देर रात वे एक शादी समारोह का काम निपटाकर अपनी-अपनी स्कूटियों से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से मौत बनकर आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवारों ने पीछे से आती तेज कार को देखकर अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे करने की कोशिश भी की थी, लेकिन कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और उन्हें सीधे टक्कर मार दी।
स्कूटियों के उड़े परखच्चे, ट्रक में जा घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंजर इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही स्कूटियों के टुकड़े-टुकड़े हो गए और सड़क पर दूर तक सिर्फ मलबे के ढेर नजर आ रहे थे। स्कूटियों को उड़ाने के बाद भी कार नहीं रुकी और अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े एक ट्रक में जा घुसी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक चारों युवक दम तोड़ चुके थे। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Tragic accident in Hoshiarpur: An out-of-control car ran over four young men, killing them on the spot; the scooters were completely destroyed, and the car




