अलवर: राजस्थान के अलवर जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग के गोले में तब्दील हो गया। आग इतनी विकराल और अचानक लगी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक घटना में पिकअप सवार तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, गाड़ी का चालक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में जयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा बुधवार सुबह करीब 3 बजे एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 131.5 के पास घटित हुआ। एक पिकअप गाड़ी सामान लेकर दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रही थी। तभी अचानक वह आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में तुरंत आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश और लपटों के बीच फंसे तीन लोगों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए मृतकों की शिनाख्त की, जो झज्जर (हरियाणा) का पाया गया। मृतकों की पहचान मोहित निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा), दीपेंद्र निवासी सागर (मध्य प्रदेश) और पदम निवासी सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, घायल ड्राइवर की पहचान हन्नी निवासी झज्जर (हरियाणा) के तौर पर हुई है। पुलिस ने सभी के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और शवों को रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
हादसे के बाद शुरुआती दौर में यह आशंका जताई जा रही थी कि इसमें कई गाड़ियां शामिल हो सकती हैं, लेकिन जब पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तो वहां सिर्फ जली हुई पिकअप ही मिली। जिस वाहन से पिकअप की टक्कर हुई, उसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की नींद की झपकी आने से हुआ या किसी और वजह से। फिलहाल, घायल ड्राइवर के बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Tragic accident early this morning: A speeding pickup truck burst into flames, and three people were burned alive




