नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उस समय भारी हड़कंप मच गया जब दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को एक बेहद खौफनाक ईमेल मिला। इस ईमेल में दिल्ली विधानसभा भवन और उसके पास स्थित दिल्ली विधानसभा मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की सीधी धमकी दी गई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरी दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी मिला धमकी भरा मेल
यह खौफनाक सिलसिला सिर्फ विधानसभा अध्यक्ष तक ही सीमित नहीं रहा। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को भी इसी तरह की जानलेवा धमकी मिली है। इसके साथ ही सूबे की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एक साथ दिल्ली के तमाम शीर्ष नेताओं को निशाना बनाए जाने की इस साजिश ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा कर रख दी है।
प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम भी शामिल
इस धमकी भरे ईमेल का दायरा केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं तक भी पहुंच गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस साजिश में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को भी बम से उड़ाने की खुली धमकी दी गई है। मामले की गंभीरता और वीवीआईपी हस्तियों की सुरक्षा को देखते हुए शीर्ष खुफिया एजेंसियां और साइबर सेल तुरंत इस ईमेल की गहराई से जांच में जुट गई हैं ताकि इसके पीछे छिपे मास्टरमाइंड को जल्द से जल्द बेनकाब किया जा सके।

Threat to Bomb Delhi Assembly and Metro; PM Modi, CM, and LG Targeted; Security Agencies on High Alert








