जालंधर: जालंधर सिटी के गुज्जा पीर रोड स्थित एक करियाना दुकान में चोरों ने धावा बोल दिया। बेखौफ चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत हजारों रुपए का राशन चोरी कर ले गए। यह पूरी घटना पास ही स्थित एक डॉक्टर के क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर थाना-8 की पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
15 साल से दुकान चला रहे हैं पीड़ित, पड़ोसियों ने दी सूचना
माई हीरा गेट निवासी पीड़ित संजीव कुमार ने बताया कि वे पिछले 15 सालों से गुज्जा पीर रोड पर ‘एस के ट्रेडर’ के नाम से करियाना की दुकान चला रहे हैं। वे रविवार रात को रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद करके घर गए थे। सोमवार सुबह जब पड़ोसी दुकानदारों ने दुकान का शटर टूटा हुआ देखा तो उन्हें तुरंत सूचित किया। सूचना मिलते ही संजीव कुमार मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए।
दाल, तेल और मंदिर का चढ़ावा भी नहीं छोड़ा
संजीव कुमार ने बताया कि दुकान का शटर बुरी तरह से उखड़ा हुआ था। अंदर जाकर सामान चेक किया गया तो पता चला कि चोर दुकान से तेल की तीन पेटियां और दाल की तीन बोरियां चोरी कर ले गए हैं। चोरों ने दुकान में बने मंदिर को भी निशाना बनाया और वहां रखा करीब 2200 रुपये का चढ़ावा भी चोरी कर लिया। दुकानदार के मुताबिक, नकद और सामान मिलाकर उन्हें कुल 40 से 45 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
डॉक्टर के कैमरे में कैद हुए आरोपी, पुलिस कर रही जांच
वारदात को अंजाम देकर भागते हुए आरोपी दुकान के पास ही स्थित एक डॉक्टर के क्लीनिक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना-8 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि फुटेज के आधार पर चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Thieves broke into a grocery store in Jalandhar by prying open the shutter, and made off with Rs. 45,000




