नई दिल्ली: साल के आखिरी महीने दिसंबर का आगाज कल से होने जा रहा है। नए महीने की शुरुआत के साथ ही 1 दिसंबर से देश में कई बड़े बदलाव लागू होने वाले हैं, जिनका सीधा सरोकार आपकी जेब और घर के बजट से है। रसोई गैस की कीमतों में संशोधन से लेकर पेंशनर्स के लिए जरूरी नियमों और बैंकों की छुट्टियों तक, कई मोर्चों पर आम आदमी प्रभावित होगा। आइए जानते हैं उन 6 महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में जो कल से दस्तक दे रहे हैं:
1. एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां गैस सिलेंडर के दाम (LPG Price) अपडेट करती हैं। पिछले कुछ समय से कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है। 1 नवंबर को 19 किलो वाले सिलेंडर में कटौती हुई थी, लेकिन घरेलू सिलेंडर के दाम लंबे समय से स्थिर हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि कल घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हो सकता है।
2. महंगा हो सकता है हवाई सफर
एलपीजी के अलावा कंपनियां हवाई ईंधन (ATF) और सीएनजी-पीएनजी के दामों की भी समीक्षा करती हैं। 1 दिसंबर को एटीएफ के नए रेट जारी होंगे। अगर कीमतें बढ़ती हैं, तो इसका सीधा असर हवाई यात्रियों की जेब पर पड़ेगा और फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं।
3. पेंशन रुकने का खतरा!
पेंशनर्स के लिए यह खबर बेहद जरूरी है। पेंशन जारी रखने के लिए ‘लाइफ सर्टिफिकेट’ (जीवन प्रमाण पत्र) जमा करने की आखिरी तारीख आज यानी 30 नवंबर है। अगर डेडलाइन नहीं बढ़ाई गई, तो जिन बुजुर्गों ने आज तक यह प्रमाण पत्र जमा नहीं किया, 1 दिसंबर से उनकी पेंशन में रुकावट आ सकती है।
4. सरकारी कर्मचारियों के लिए UPS चुनने का आखिरी मौका
सरकारी कर्मचारियों के लिए यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) और एनपीएस (NPS) में से किसी एक विकल्प को चुनने की समय सीमा भी आज खत्म हो रही है। इसकी डेडलाइन 30 सितंबर से बढ़ाकर 30 नवंबर की गई थी। अगर सरकार ने इसे आगे नहीं बढ़ाया, तो कल से कर्मचारियों को स्कीम चुनने का मौका नहीं मिलेगा।
5. टैक्स और टीडीएस से जुड़े नियम
अगर अक्टूबर महीने में आपका टीडीएस (TDS) कटा है, तो सेक्शन 194-IA, 194-IB, 194M और 194S के तहत स्टेटमेंट जमा करने का आज आखिरी दिन है। इसके अलावा, सेक्शन 92E के तहत रिपोर्ट जमा करने की डेडलाइन भी 30 नवंबर तक ही तय की गई थी। 1 दिसंबर के बाद यह काम नहीं हो सकेगा।
6. दिसंबर में 17 दिन बंद रहेंगे बैंक
अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की लिस्ट के मुताबिक, दिसंबर महीने में रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार समेत अलग-अलग राज्यों के त्योहारों को मिलाकर कुल 17 दिन बैंकों में कामकाज नहीं होगा। महीने की शुरुआत ही छुट्टी से हो रही है, इसलिए घर से निकलने से पहले बैंक हॉलिडे लिस्ट चेक करना समझदारी होगी।

These 6 major rules will change from December 1st








