You are currently viewing ‘उसने मुझे बहुत परेशान किया…’ कुंवारी बताकर प्यार, फिर रेप केस की धमकी; ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने फंदे पर लटकते हुए बनाया 21 सेकेंड का VIDEO

‘उसने मुझे बहुत परेशान किया…’ कुंवारी बताकर प्यार, फिर रेप केस की धमकी; ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने फंदे पर लटकते हुए बनाया 21 सेकेंड का VIDEO

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला में प्यार, धोखे और ब्लैकमेलिंग का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी विवाहित गर्लफ्रेंड की प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। आरोप है कि महिला ने खुद को कुंवारी बताकर युवक को अपने जाल में फंसाया और जब सच्चाई सामने आई, तो वह उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकियां देकर ब्लैकमेल करने लगी। आत्महत्या से ठीक पहले युवक ने गले में फंदा डालकर 21 सेकेंड का एक दर्दनाक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने रोते हुए अपनी मौत का जिम्मेदार ‘रीत’ नाम की महिला को ठहराया है।

कुंवारी बताकर किया प्यार, सच्चाई खुली तो शुरू की ब्लैकमेलिंग

मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने अपनी शादी की बात छिपाकर युवक से दोस्ती की थी। जब युवक को महिला के पहले से शादीशुदा होने का पता चला, तो बातों ही बातों में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद महिला उल्टा उसे ही धमकाने लगी और ब्लैकमेल कर युवक से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। जब युवक ने उसकी मांगों के आगे झुकने और पैसे देने से इनकार किया, तो शातिर महिला ने पुलिस को उसके खिलाफ झूठी शिकायतें देनी शुरू कर दीं। वह लगातार रेप का केस दर्ज करवाने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी।

फंदे पर लटकते हुए रो-रोकर बनाया 21 सेकेंड का Video

कपूरथला के मोहल्ला लाहौरी गेट के रहने वाले मृतक युवक सूरज नाहर ने बुधवार देर रात अपने कमरे में चादर का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने अंदर जाकर देखा, लेकिन तब तक सूरज की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने जब उसका मोबाइल चेक किया तो उसमें 21 सेकेंड का एक दिल दहला देने वाला वीडियो मिला। वीडियो में सूरज के गले में फंदा डला हुआ था और वह रोते हुए कह रहा था, “एक रीत नाम की लड़की है, जिसने मुझे बहुत परेशान किया है। मुझसे उसने पैसे भी बहुत लिए हैं। अब वह मुझे धमकी देती है कि मुझ पर रेप का केस दर्ज करवा देगी। मैं इससे बहुत परेशान हो गया हूं और अब दुखी होकर सुसाइड करने लगा हूं।”

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी महिला पर FIR की तैयारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयानों और सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि ब्लैकमेलिंग के इस खेल के बीच महिला ने भी पुलिस को युवक के खिलाफ कुछ शिकायतें दी थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

the young man filmed a 21-second video of himself hanging from a noose.