जालंधर: जालंधर पुलिस ने अर्बन एस्टेट इलाके में हुई 19 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की गुत्थी को सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके खुलासे ने सबको चौंका कर रख दिया है। दरअसल, यह कोई असली लूट थी ही नहीं, बल्कि एक शातिर दंपति ने लाखों रुपये का बीमा क्लेम हड़पने के लालच में इस पूरी झूठी वारदात की साजिश रची थी। एडीसीपी हरविंदर सिंह गिल ने बताया कि इस फर्जी लूट का ताना-बाना बैंक एन्क्लेव की रहने वाली प्रिया वर्मा और उसके पति रामानंद ने बुना था।
6 फरवरी को गढ़ी गई थी झूठी कहानी
पुलिस के मुताबिक, बीते 6 फरवरी को प्रिया वर्मा ने थाने में आकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने पति के साथ बैंक से 19 लाख 10 हजार रुपये निकालकर किसी को देने जा रही थी। उसने पुलिस को बताया कि अर्बन एस्टेट फेज-2 में एलजी स्टोर के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस शिकायत के आधार पर थाना सात के प्रभारी एसआई बलजिंदर सिंह की टीम ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर सरगर्मी से जांच शुरू कर दी थी।
महज 7000 रुपये में दी गई थी खाली बैग छीनने की सुपारी
पुलिस की गहन जांच के दौरान खुरला किंगरा के रहने वाले भीमा उर्फ फूल कुमार और अभि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया और जब सख्ती से पूछताछ की तो सारा राज खुल गया। आरोपियों ने कबूल किया कि यह लूट असली नहीं थी, बल्कि प्रिया और उसके पति रामानंद की सोची-समझी चाल थी। योजना के मुताबिक, आरोपियों को केवल प्रिया के हाथ से एक खाली बैग छीनकर भागने का नाटक करना था, ताकि पुलिस में केस दर्ज कराकर बीमा की मोटी रकम ऐंठी जा सके। इस फर्जी लूट को अंजाम देने के बदले प्रिया ने दोनों युवकों को 7000 रुपये दिए थे, जिसे उन्होंने आपस में बांट लिया था। वारदात के बाद आरोपियों ने वह खाली बैग रास्ते में ही फेंक दिया था।
पुलिस का शिकंजा कसता देख शहर से बाहर भेज दिए थे ‘लुटेरे’
यह दंपति इतना शातिर था कि जब प्रिया को भनक लगी कि पुलिस गहराई से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही लुटेरों तक पहुंच सकती है, तो उसने खुद ही दोनों आरोपियों को जालंधर शहर से बाहर भगा दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली और आखिरकार दोनों किराए के ‘लुटेरे’ पकड़े गए। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और बीमा क्लेम की इस फर्जी साजिश को लेकर दंपति से भी सख्ती से निपटा जा रहा है।

The wife, lured by an insurance claim, became a robber. Jalandhar police uncovered a 19 lakh robbery




