You are currently viewing कनाडा में भारतीयों पर खतरा बढ़ा, हिमांशी खुराना के बाद अब 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या; टोरंटो में दहशत

कनाडा में भारतीयों पर खतरा बढ़ा, हिमांशी खुराना के बाद अब 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या; टोरंटो में दहशत

टोरंटो: कनाडा में भारतीय नागरिकों और छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं एक बार फिर चरम पर हैं। अभी भारतीय मूल की युवती हिमांशी खुराना की हत्या का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब टोरंटो में 20 वर्षीय भारतीय युवक शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबरो कैंपस (UTSC) के पास दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय और छात्रों को दहशत और गुस्से से भर दिया है।

टोरंटो पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्सटन रोड इलाके में हुई। हमलावर ने शिवांक को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। घटना के तुरंत बाद एहतियातन यूनिवर्सिटी कैंपस को सील कर दिया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए, हालांकि बाद में प्रशासन ने खतरा टलने की बात कहकर कैंपस खोल दिया। पुलिस ने शिवांक की तस्वीर जारी कर लोगों से सुराग देने की अपील की है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि वह यूनिवर्सिटी का छात्र था या नहीं।

गौरतलब है कि यह एक हफ्ते के भीतर भारतीय मूल के नागरिक की हत्या का दूसरा मामला है। इससे पहले 19-20 दिसंबर के आसपास 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या कर दी गई थी। पुलिस को 19 दिसंबर की रात एक गुमशुदगी की कॉल मिली थी, जिसके बाद अगले दिन सुबह एक घर के अंदर से हिमांशी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, जो मृतका का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, यह साल 2025 में टोरंटो में हत्या का 41वां मामला है। लगातार सामने आ रही इन हिंसक घटनाओं ने कनाडा में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

The threat to Indians in Canada has increased; after Himanshi Khurana, a 20-year-old man has now been shot dead