चंडीगढ़: चंडीगढ़ में अपराध और अपराधी की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरत में डाल दिया है। जिस युवक की बहादुरी के कसीदे कभी पुलिस अधिकारियों ने पढ़े थे, आज वही कानून के शिकंजे में है। अगस्त 2025 में स्नैचरों को पकड़वाने में पुलिस की मदद करने वाले सेक्टर-28 निवासी अभिषेक शर्मा को अब चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। विडंबना यह है कि उस वक्त खुद डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा और एसएसपी कंवरदीप कौर ने उसकी पीठ थपथपाई थी, लेकिन महज 6 महीने के भीतर ही अभिषेक का ‘सम्मान से सलाखों तक’ का यह सफर शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
नमाज पढ़ने गई महिला के घर को बनाया निशाना
ताजा मामला हल्लोमाजरा के दीप कॉम्प्लेक्स का है। यहां रहने वाली गुलशाना ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 1 फरवरी 2026 को वह अपने घर पर ताला लगाकर नमाज पढ़ने गई थीं। जब वह दोपहर करीब 1 बजे वापस लौटीं, तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर उनके घर से एक इंडेन गैस सिलेंडर, दो चांदी की चेन, तीन अंगूठियां, एक मोबाइल फोन और 6 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी से खुली पोल, हीरो निकला चोर
वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक चोरी की घटना को अंजाम देते हुए साफ नजर आए। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों के नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए पुलिस जब आरोपियों तक पहुंची, तो वे हैरान रह गए। पकड़ा गया मुख्य आरोपी वही अभिषेक शर्मा निकला जिसे पुलिस ने कुछ महीने पहले सम्मानित किया था। पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सिलेंडर और अन्य सामान बरामद कर लिया है। उसके दूसरे साथी की तलाश अभी भी जारी है।
दोहरी जिंदगी पर उठे सवाल
अभिषेक की गिरफ्तारी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगस्त 2025 में जब उसे सम्मानित किया गया था, तब उसे एक जिम्मेदार और साहसी नागरिक बताया गया था। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या यह उसका रास्ता भटकना है या फिर वह पहले से ही दोहरी जिंदगी जी रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। एक तरफ जहां उसे बहादुरी का प्रमाण पत्र मिला था, वहीं अब उसके खिलाफ चोरी की धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है।

The same hand that caught the snatcher is now handcuffed; a young man honored by the DGP




