You are currently viewing पंजाब सरकार को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी की साइकोलॉजिस्ट भर्ती रद्द करने के आदेश पर रोक

पंजाब सरकार को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी की साइकोलॉजिस्ट भर्ती रद्द करने के आदेश पर रोक

मोहाली: बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट द्वारा निकाली गई 343 साइकोलॉजिस्ट (मनोवैज्ञानिकों) की भर्ती प्रक्रिया एक बड़े विवाद में घिर गई है। लिखित परीक्षा और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बावजूद पंजाब सरकार द्वारा अचानक इन पदों को रद्द किए जाने से चयनित उम्मीदवारों में भारी रोष है। हालांकि, राहत की खबर यह है कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने मामले में दखल देते हुए सरकार के इस फैसले पर फिलहाल स्टे (रोक) लगा दी है।

भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार का यू-टर्न

इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब यूनिवर्सिटी ने 24 अप्रैल 2025 को विज्ञापन संख्या 25/10 के जरिए 343 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। इसके बाद 26 मई 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई और 2 जून 2025 को नतीजा घोषित किया गया, जिसमें 180 उम्मीदवार सफल रहे। 23 जून 2025 को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में दस्तावेजों की जांच भी पूरी कर ली गई थी। उम्मीदवार अपनी नियुक्ति पत्रों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सरकार ने अचानक अपना रुख बदल लिया।

पक्की भर्ती रद्द कर ठेके पर रखने का फरमान

नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं को तब झटका लगा जब 18 दिसंबर को स्वास्थ्य विभाग ने एक आदेश जारी कर इन पक्की आसामियों को रद्द कर दिया। इसके साथ ही विभाग ने घोषणा की कि अब इन पदों की जगह आउटसोर्सिंग (ठेके) के जरिए 200 साइकोलॉजिस्ट भर्ती किए जाएंगे। सरकार के इस फैसले के खिलाफ 180 चयनित उम्मीदवारों ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दी, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने फीस भरने से लेकर परीक्षा पास करने तक सारी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की है।

हाई कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

उम्मीदवारों की याचिका पर सुनवाई करते हुए 23 दिसंबर को हाई कोर्ट ने सरकार के रद्द करने वाले आदेश पर रोक लगा दी। अब 29 जनवरी को होने वाली अगली सुनवाई में सरकार को कोर्ट में यह जवाब देना होगा कि पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद आखिर इन पदों को रद्द क्यों किया गया। वहीं, प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों का कहना है कि पक्की भर्ती की जगह आउटसोर्सिंग के जरिए नई भर्ती करना प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

The Punjab government suffered a major setback from the High Court, which stayed the order to cancel the recruitment