
शिवगंगा: तमिलनाडु के शिवगंगा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जब उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने आमने-सामने से टक्कर मार दी। मृतकों में एक दो साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। इस घटना ने पूरे परिवार पर आफत का पहाड़ तोड़ दिया है।
खुद शिवगंगा के एसपी शिव प्रसाद ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी दी है। उन्होंने पुष्टि की कि यह हादसा पुलिस वाहन की टक्कर की वजह से हुआ।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रसाद (25), उनकी पत्नी सत्या (20) और उनके दो वर्षीय बेटे अश्विन के रूप में हुई है। यह परिवार अनंजियुर से अपनी एक रिश्तेदार सोनाई ईश्वरी (25) को लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था।

जब वे सक्कुडी के पास पहुंचे, तभी रामनाथपुरम जिला पुलिस के एक तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने उनके दोपहिया वाहन को सीधी (आमने-सामने) टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्या और उनके मासूम बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
एसपी शिव प्रसाद ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं सोनाई ईश्वरी को सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
देश में हर दिन हजारों लोग सड़क हादसों में जान गंवाते हैं, जिसका मुख्य कारण तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी है। लेकिन इस ताजा मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने वाली पुलिस के वाहन ही तेज रफ्तार से चलकर लोगों की जान लेंगे, तो आम जनता से नियमों के पालन की अपेक्षा कैसे रखी जा सकती है? इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
View this post on Instagram


The protector became the destroyer




