जालंधर: जालंधर के सिविल लाइंस में स्थित मशहूर होटल पार्क प्लाजा पर आज नगर निगम की टीम ने अचानक दबिश देकर तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी। पंजाब केसरी ग्रुप से संबंधित इस प्रतिष्ठित संस्थान पर निगम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। जैसे ही निगम का पीला पंजा होटल की दहलीज पर पहुँचा, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राजनीतिक नेता इसके विरोध में सड़कों पर उतर आए।
नगर निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई की सूचना मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रजिंदर बेरी और शैरी चड्ढा मौके पर पहुँच गए। नेताओं ने आप सरकार की इस कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए और इसे द्वेषपूर्ण भावना से प्रेरित बताया। होटल के बाहर समर्थकों और निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसके चलते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मौके पर मौजूद कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन चुनिंदा संस्थानों को निशाना बना रहा है। रजिंदर बेरी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से शहर के व्यापारिक माहौल पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस तोड़फोड़ को लेकर काफी गुस्सा देखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन नियमों की आड़ में प्रतिष्ठित संस्थानों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है, जबकि शहर में अन्य कई गंभीर समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

होटल पार्क प्लाजा पर हुई इस कार्रवाई को लेकर नगर निगम के अधिकारी फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई कथित अवैध निर्माण को लेकर की गई है। दूसरी ओर, होटल प्रबंधन का दावा है कि उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं और यह कार्रवाई बिना उचित नोटिस या कानूनी प्रक्रिया का पालन किए की जा रही है।


the-municipal-corporation-took-major-action-against-hotel-park-plaza-in-jalandhar




