You are currently viewing अमेरिका-ईरान जंग का पंजाब-चंडीगढ़ में दिखा असर, अमृतसर में एजेंसी बंद करनी पड़ी, जालंधर में ब्लैक में बिक रहे सिलेंडर; एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें

अमेरिका-ईरान जंग का पंजाब-चंडीगढ़ में दिखा असर, अमृतसर में एजेंसी बंद करनी पड़ी, जालंधर में ब्लैक में बिक रहे सिलेंडर; एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें

चंडीगढ़: मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग की आंच अब पंजाब और चंडीगढ़ तक पहुंच गई है। इस अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण राज्य में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर भारी हाहाकार मच गया है। हालात इतने बेकाबू हो गए हैं कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर मिलने लगभग बंद हो गए हैं, जबकि घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर डाउन होने की वजह से ग्राहकों के मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है, जिससे डिलीवरी सिस्टम बुरी तरह चरमरा गया है और लोग अपनी बारी के इंतजार में गैस एजेंसियों के बाहर खाली सिलेंडर लेकर लंबी लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं।

अमृतसर में एजेंसी बंद करनी पड़ी, जालंधर में ब्लैक में बिक रहे सिलेंडर

गैस की इस किल्लत का सबसे ज्यादा असर जालंधर और अमृतसर में देखने को मिल रहा है। अमृतसर में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की इतनी ज्यादा भीड़ जुट गई कि हालात को संभालने के लिए संचालकों को मजबूरन एजेंसी का शटर ही गिराना पड़ गया। वहीं जालंधर में स्थिति और भी बदतर है, जहां लोग ब्लैक में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। जो कॉमर्शियल सिलेंडर कुछ दिन पहले तक 1600 रुपए में आसानी से मिल जाता था, वही अब मजबूरी का फायदा उठाते हुए 3500 रुपए में बेचा जा रहा है। घरेलू गैस की होम डिलीवरी ठप होने के कारण लोग खुद एजेंसियों के बाहर डेरा जमाए बैठे हैं।

चंडीगढ़ में पुलिस के पहरे में बंटेगी गैस, 30 दिन का लगा नया नियम

चंडीगढ़ के सेक्टर-38 की बात करें तो यहां पूरे तीन दिन के लंबे इंतजार के बाद गैस की सप्लाई पहुंची है। सप्लाई आते ही एजेंसी के बाहर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। बिगड़ते हालात को देखते हुए अब नया नियम लागू कर दिया गया है, जिसके तहत एक सिलेंडर लेने के बाद ग्राहक को दूसरी बुकिंग के लिए 30 दिन का इंतजार करना होगा। गैस एजेंसियों पर किसी भी तरह के हंगामे को रोकने और सभी घरों तक सुचारू रूप से सिलेंडर पहुंचाने के लिए अब एजेंसियों के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की भी तैयारी कर ली गई है।

सीएम भगवंत मान के सख्त आदेश, डीलर्स बोले- गैस नहीं, पोर्टल की है दिक्कत

हालात को काबू में करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम मान ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश जारी किए हैं कि राज्य में किसी भी कीमत पर एलपीजी गैस की कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जमाखोरी करने या ब्लैक में सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान अरुण गुप्ता ने साफ किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और कोई कमी नहीं है। मुख्य समस्या ऑनलाइन पोर्टल में आ रही है, जहां सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग शो नहीं हो रही है और बिना ओटीपी वेरिफिकेशन के नियमों के तहत किसी भी कस्टमर को सिलेंडर डिलीवर नहीं किया जा सकता।