You are currently viewing तेज रफ्तार का कहर: खंभे से टकराई BMW, कार पर गिरा ट्रांसफार्मर और आग के गोले में तब्दील हुई लग्जरी गाड़ी

तेज रफ्तार का कहर: खंभे से टकराई BMW, कार पर गिरा ट्रांसफार्मर और आग के गोले में तब्दील हुई लग्जरी गाड़ी

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में मंगलवार तड़के एक बेहद खौफनाक सड़क हादसा देखने को मिला। शहर के पाहवा धर्मशाला के पास एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू (BMW) कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभे पर लगा भारी-भरकम ट्रांसफार्मर टूटकर सीधे गाड़ी के ऊपर आ गिरा। इसके बाद हुए शॉर्ट सर्किट से जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते यह करोड़ों की लग्जरी कार धू-धू कर जलने लगी।

इस खौफनाक हादसे में गनीमत यह रही कि कार में सवार दोनों युवकों ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। स्थानीय निवासी नरेश बंसल के मुताबिक, दोनों युवक कुंदनपुरी इलाके के रहने वाले हैं और सुबह करीब 4 बजे झंडू चौक की उतराई से अपने घर की ओर जा रहे थे। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। चश्मदीदों का यह भी आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में बुरी तरह धुत थे। हादसे के तुरंत बाद कार के अगले दरवाजे लॉक हो गए थे, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी के पिछले दरवाजे से निकलकर खुद को मौत के मुंह से बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फौरन मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह से जलकर कंकाल बन चुकी थी। ट्रांसफार्मर गिरने की वजह से पूरे इलाके की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह से ही मौके पर डटे हैं और नए खंभे व ट्रांसफार्मर को लगाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। उधर, पुलिस ने जली हुई गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और गाड़ी के असली मालिक की पहचान के साथ-साथ मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

The havoc of high speed: BMW collided with a pole, a transformer fell on the car