लुधियाना: शहर में शातिर चोरों ने एक घर में ऐसी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। घर के सदस्य तीसरी मंजिल पर गहरी नींद में सोते रहे और चोरों ने नीचे के कमरों को इत्मीनान से खंगाल डाला। बेखौफ चोरों ने घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली और करीब ढाई लाख रुपये का कीमती सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार की आंख खुली, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मुमटी का दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुए चोर
पीड़ित परिवार के मुताबिक, वे रविवार रात करीब 11 बजे सोने के लिए घर की तीसरी मंजिल पर चले गए थे। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने छत पर बनी मुमटी का दरवाजा भी अच्छी तरह से बंद कर दिया था। लेकिन जब सोमवार सुबह वे लोग नीचे आए तो देखा कि मुमटी का दरवाजा खुला हुआ था। कमरों के अंदर का सारा सामान बुरी तरह से बिखरा पड़ा था, जिसे देखकर साफ हो गया कि चोरों ने रात के अंधेरे में पूरे घर में जमकर उत्पात मचाया है।
तिजोरी से लेकर बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी
चोर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने घर के किसी भी कोने को नहीं बख्शा। अंदर घुसने के बाद उन्होंने सबसे पहले अलमारी की मजबूत तिजोरी को तोड़ दिया। कमरे में रखी पेटी, महिलाओं के पर्स और यहां तक कि बच्चों की गुल्लक (बुगनी) को भी खंगाल डाला गया। घर में बेड के दराज बाहर निकले हुए थे, जिससे पता चलता है कि चोरों ने काफी समय लेकर इत्मीनान से एक-एक चीज की तलाशी ली है। परिवार के मुताबिक पेटी में रखी सोने की बालियां और करीब 70 से 80 हजार रुपए नकद गायब हैं। पूरी तरह से सामान का मिलान करने के बाद शुरुआती अनुमान के तहत कुल ढाई लाख रुपए के नुकसान की बात सामने आ रही है।
पार्षद ने जताई चिंता, पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग
वारदात की सूचना मिलते ही इलाके के वार्ड पार्षद सिमरजीत सिंह सिम्मू तुरंत मौके पर पहुंच गए। घटना पर गहरी चिंता और हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि हम अक्सर लोगों को जागरूक करते हैं कि घर को सूना न छोड़ें, लेकिन घर में लोगों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह से बड़ी चोरी होना बेहद डरावना है। पार्षद ने पुलिस प्रशासन से सख्त अपील की है कि वे इलाके के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करें और शातिर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएं।


The family remained fast asleep while thieves made off with lakhs; nothing was spared




