पणजी: गोवा के मशहूर पर्यटन स्थल अरपोरा में शनिवार देर रात हुए एक भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक नाइट क्लब में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में करीब छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और हर तरफ चीख-पुकार मची रही।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। क्लब से उठतीं आग की ऊंची लपटों को देख आसपास के होटलों और घरों में मौजूद लोग सहम गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वे अपने होटल पहुंचे ही थे कि उन्हें लाल लपटें दिखाई दीं, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि रात के वक्त सिर्फ एंबुलेंस और पुलिस के सायरन की तेज आवाजें सुनाई दे रही थीं। लोगों को लगा कि सड़क पर कोई छोटा-मोटा हादसा हुआ होगा, लेकिन सुबह जब 25 मौतों की खबर मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
त्रासदी की गंभीरता को देखते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रविवार सुबह खुद घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि इस अग्निकांड में 25 लोगों की जान चली गई है, जबकि 6 घायल लोगों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा और जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर सख्त कार्रवाई करते हुए जिम्मेदारी तय की जाएगी।

The club reverberated with screams at midnight, as a fire raged inside, burning 25 people alive




