You are currently viewing रात के अंधेरे में PG मिलने पहुंचा था बॉयफ्रेंड, तभी गर्लफ्रेंड ने कर दिया खूनी खेल… चीखें सुनकर दहल उठे लोग

रात के अंधेरे में PG मिलने पहुंचा था बॉयफ्रेंड, तभी गर्लफ्रेंड ने कर दिया खूनी खेल… चीखें सुनकर दहल उठे लोग

लुधियाना: प्यार के परवान चढ़ने के बीच खौफनाक अंत की एक ऐसी दास्तान सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। शहर के एक पीजी में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे एक युवक को क्या पता था कि वहां मौत उसका इंतजार कर रही है। किसी बात को लेकर हुए विवाद में गर्लफ्रेंड ने अपने ही बॉयफ्रेंड पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवक की दर्दनाक चीखें सुनकर जब तक बाहर खड़े उसके दोस्त अंदर पहुंचे, तब तक वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुका था।

आधी रात को पीजी में हुआ खूनी ड्रामा

यह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात 12 जून की रात की है। गांव हीरां के रहने वाले लवप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त मनप्रीत सिंह रात करीब 11:30 बजे अपनी गर्लफ्रेंड खुशी से मिलने के लिए उसके पीजी गया था। लवप्रीत और एक अन्य साथी सुखवीर सिंह पीजी के बाहर ही खड़े उसका इंतजार कर रहे थे। कुछ ही देर बाद अंदर से मनप्रीत की दिल दहला देने वाली चीखें सुनाई दीं। जब दोस्त घबराकर अंदर भागे, तो पहली मंजिल की सीढ़ियों के पास मनप्रीत की कमर के पास चाकू लगा था और वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। पास ही उसकी गर्लफ्रेंड खुशी भी मौजूद थी।

3 महीने पहले हुई थी दोस्ती, मलेशिया से लौटा था युवक

गंभीर रूप से घायल मनप्रीत को दोस्तों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मनप्रीत करीब 5 महीने पहले ही मलेशिया से वापस लौटा था और अपने गांव हीरां में अपना सैलून चलाता है। हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली खुशी के साथ उसकी दोस्ती महज 3 महीने पहले ही हुई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह छोटी सी जान-पहचान इतने खौफनाक अंजाम तक पहुंच जाएगी।

लड़की बार-बार बदल रही बयान, पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस खौफनाक घटना के बाद से कई सवाल खड़े हो गए हैं। मनप्रीत के भाई गोपी का कहना है कि मनप्रीत अभी बातचीत करने की स्थिति में नहीं है। उसके होश में आने के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी कि कमरे में दोनों के बीच किस बात को लेकर इतनी भयानक बहस हुई। गोपी के मुताबिक, पुलिस गिरफ्त में आई लड़की लगातार अपने बयान बदल रही है, जिससे मामला और भी संदिग्ध लग रहा है। उधर, थाना साहनेवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर खुशी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

The boyfriend had arrived at the PG under the cover of darkness when his girlfriend unleashed a bloody attack