जालंधर: जालंधर के लांबड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव पुवारां पुली के पास शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का शव बरामद हुआ। शव एक कच्चे रास्ते पर पड़ा था जो गांव निजरां की ओर जाता है। राहगीरों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही लांबड़ा थाने के एसएचओ गुरमीत राम पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका की उम्र करीब 20 से 22 साल आंकी गई है। मौका-ए-वारदात पर शव के पास से एक सिरिंज बरामद हुई है, जिससे नशे की ओवरडोज या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा, युवती के दोनों पैरों पर रगड़ के निशान और जख्म भी पाए गए हैं। पुलिस के लिए शिनाख्त का सबसे बड़ा जरिया युवती के शरीर पर बने टैटू हैं। मृतका की एक बाजू पर ‘भोला’, दूसरी पर ‘सीतारानी’ व ‘विक्रम’ और गर्दन के पास ‘गिल’ नाम गुदा हुआ है।
डीएसपी नरिंदर सिंह औजला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस शव की पहचान करवाने की पुरजोर कोशिश कर रही है। पुलिस ने आसपास के इलाके में लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट भी करवाई, लेकिन अभी तक कोई भी पहचान के लिए सामने नहीं आया है। मृतका की जेब से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे शिनाख्त में काफी दिक्कत आ रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और टैटू व हुलिए के आधार पर युवती के परिजनों की तलाश तेज कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।

The body of a young woman was found under suspicious circumstances in Jalandhar; a syringe was found lying nearby




