चंडीगढ़: प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) के सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर भारत की संप्रभुता के खिलाफ जहर उगला है। इस बार पन्नू ने अपनी नापाक हरकतों के लिए पंजाब की नई पीढ़ी यानी ‘जेन-जी’ (Gen-Z) और किशोरों को निशाना बनाया है। एक वीडियो जारी कर पन्नू ने धमकी दी है कि वह 12 जनवरी से पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों में भारत का राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ नहीं चलने देगा। पन्नू ने फरमान सुनाया है कि राष्ट्रगान की जगह ‘देह शिवा बर मोहे’ बजाया जाएगा और राज्य से हिंदी भाषा को हटाने का प्रयास किया जाएगा।
अपनी इस साजिश को अंजाम देने के लिए पन्नू युवाओं की भावनाओं से खेल रहा है। उसने वीडियो में पंजाब को ‘हिंदुस्तान के कब्जे वाला क्षेत्र’ बताते हुए युवाओं को बहकाने की कोशिश की है। वह जानता है कि पंजाब का एक बड़ा युवा वर्ग विदेशों में बसने की चाहत रखता है, इसलिए वह इसी कमजोर नस को दबाकर उन्हें अपने साथ जोड़ने की फिराक में है। पन्नू ने युवाओं को उकसाते हुए कहा है कि अगर उनका परिवार या सरकार उन्हें SFJ की मुहिम से जुड़ने से रोकती है, तो वे उनसे सवाल करें और विद्रोह करें। उसका दावा है कि जो युवा उसके संगठन से जुड़ रहे हैं, सरकार उन पर केस दर्ज कर रही है, इसलिए उन्हें अलग रास्ते पर चलना चाहिए।
पन्नू ने खुले तौर पर ऐलान किया है कि साल 2026 में पंजाब को अलग देश बनाने के लिए वह तथाकथित ‘रेफरेंडम’ करवाएगा। इसके लिए वह स्कूल और कॉलेज के छात्रों को एक ‘टूल’ की तरह इस्तेमाल करना चाहता है। उसने युवाओं को उकसाया है कि वे सोशल मीडिया को हथियार बनाएं और ‘आजादी’ की मुहिम छेड़ें। इतना ही नहीं, उसने नेपाल और बांग्लादेश में हुए प्रदर्शनों का हवाला देते हुए पंजाब के युवाओं को भी उसी तर्ज पर सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ बगावत करने के लिए उकसाया है। वह चाहता है कि छात्र स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ाई छोड़कर अलग देश की चर्चा करें।
पन्नू की इस नई गीदड़भभकी और वीडियो के वायरल होने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। यह साफ है कि पन्नू लगातार युवाओं को भड़काकर पंजाब की शांति, सद्भाव और भाईचारे को भंग करने की कोशिश कर रहा है। खुफिया तंत्र इस वीडियो और पन्नू के नेटवर्क पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि देश विरोधी तत्वों के किसी भी मंसूबे को कामयाब न होने दिया जाए।

Terrorist Pannun’s new nefarious plot: Threatens to stop the national anthem in Punjab schools from January 12




