
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां आतंकवादियों से कनेक्शन के आरोप में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। जब पुलिस ने डॉक्टर की निशानदेही पर उसके किराए के घर पर छापा मारा, तो वहां का मंजर देख सबकी आंखें फटी रह गईं। पुलिस ने डॉक्टर के ठिकाने से बड़े पैमाने पर आरडीएक्स, एके-47 और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यह छापा मारा था। डॉक्टर के घर से करीब 300 से 350 किलो आरडीएक्स भी मिला है।
पुलिस ने इस पूरे ऑपरेशन को बेहद गुपचुप तरीके से अंजाम दिया। रविवार को हुई इस ताबड़तोड़ छापेमारी की किसी को भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद के इलाके में पुलिस की लगभग 12 गाड़ियां आई थीं। जिस इलाके में डॉक्टर का किराए का घर था, उसे चारों तरफ से घेर लिया गया।
यह कार्रवाई एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की। पुलिस डॉ. आदिल को भी अपने साथ लाई थी। डॉक्टर के साथ पुलिस अंदर गई और जब बाहर निकली तो उनके हाथों में 14 काले रंग के बड़े बैग थे, जिनमें विस्फोटक और हथियार भरे थे।

सूत्रों ने बताया कि यूपी के सहारनपुर से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से लिंक के चलते एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में डॉ. आदिल का नाम सामने आया। पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से डॉ. आदिल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने फरीदाबाद में छिपाए गए भारी गोला-बारूद के बारे में खुलासा किया।
इलाके के लोगों ने बताया कि डॉ. आदिल ने यहां लगभग तीन महीने पहले कमरा किराए पर लिया था। उसने मकान मालिक को बताया था कि वह डॉक्टर है और उसके कुछ मेडिकल उपकरण हैं, जिन्हें वह यहां रखेगा। मकान मालिक ने उसे किराए पर घर दे दिया। किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि मेडिकल उपकरणों के नाम पर यहां मौत का सामान जमा किया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अब इस पड़ताल में जुटी हैं कि जैश-ए-मोहम्मद का सदस्य यह आतंकी डॉ. आदिल का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला है। सूत्रों ने बताया कि डॉ. आदिल से पूछताछ और जांच के बाद कई और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है, जिनके तार इस साजिश से जुड़े हैं। जांच का दायरा उत्तर प्रदेश से लेकर गुजरात और आंध्र प्रदेश तक फैलाया जा रहा है।
View this post on Instagram


Terrorist disguised as a doctor




