लुधियाना: जिले के जगराओं स्थित सिधवां बेट इलाके के गांव लीला मेघ सिंह के श्मशान घाट से रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। श्मशान घाट में एक जलती चिता के पास तंत्र-मंत्र और टोना-टोटका करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों का दावा है कि पेशे से मैकेनिक यह शख्स आत्मा को अपने वश में करने की नीयत से अपने एक साथी के साथ रात के अंधेरे में चिता के पास पहुंचा था और वहां बकरे की कटी हुई खोपड़ी रखकर तांत्रिक क्रियाएं कर रहा था।
अस्थियां चुनने पहुंचे परिजनों के उड़े होश
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में दिन के समय एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया था। रात करीब 9 बजे आरोपी चुपके से श्मशान घाट में चिता के पास पहुंचा और तंत्र-मंत्र की क्रिया को अंजाम दिया। अगली सुबह जब मृतक के परिजन धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार अस्थियां चुनने श्मशान पहुंचे, तो चिता की राख के ऊपर बकरे की कटी हुई खोपड़ी, लड्डू और पूजा-पाठ की अन्य संदिग्ध सामग्री बिखरी देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों और ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना पंचायत और पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया ढोंगी तांत्रिक
घटना के तुरंत बाद श्मशान घाट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कैमरों की रिकॉर्डिंग में आरोपी रात के समय संदिग्ध अवस्था में श्मशान घाट के भीतर जाता हुआ साफ दिखाई दे गया। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी मूल रूप से मैकेनिक का काम करता है, लेकिन पिछले 3-4 सालों से उसने खुद को तांत्रिक बताकर टोना-टोटके का काम भी शुरू कर दिया था। पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि वारदात में शामिल उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।


Tantric rituals performed on funeral pyre ashes in Punjab; mechanic arrived with a goat’s skull




