
श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बंद बेडरूम में पति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के शव चारपाई पर पड़े पाए गए।
सूचना मिलते ही एसपी (पुलिस अधीक्षक) समेत भारी पुलिस बल, फोरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने कमरे की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र करने शुरू कर दिए हैं।
यह दर्दनाक घटना जिले के कैलाशपुर बनकट ग्राम पंचायत के मजरा लियाकत पुरवा गांव की है। मृतकों की पहचान लियाकत पुरवा निवासी रोज अली (32) पुत्र शमशुल हक, उसकी पत्नी शहनाज (30), पुत्री तबस्सुम (6), गुलनाज (4) और डेढ़ वर्षीय पुत्र मुईन अली के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि रोज अली पिछले डेढ़ साल से मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और हाल ही में कार्तिक पूर्णिमा मेले पर घर आया था।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी, लेकिन कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक रोज अली के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उसकी मां जैतूना ने दरवाजा खटखटाया।
अंदर से कोई हलचल न होने पर उन्होंने शोर मचाकर गांव के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। रोज अली पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था और उसकी पत्नी तथा तीनों बच्चों के शव चारपाई पर पड़े थे।
इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हालांकि, पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि रोज अली ने किसी कारणवश पहले अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को जहर दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है।
View this post on Instagram


Suspicious death of 5 people




