नई दिल्ली/फरीदाबाद: खेल के मैदान से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने भारतीय शूटिंग जगत को हिला कर रख दिया है। नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की महिला निशानेबाज के साथ यौन शोषण करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, इस घटना का संज्ञान लेते हुए नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी सख्त कदम उठाया है और जांच पूरी होने तक अंकुश भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
पीड़िता के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, यह घटना मंगलवार, 6 जनवरी को हुई। उस समय नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में एक नेशनल लेवल की शूटिंग प्रतियोगिता चल रही थी। आरोप है कि कोच ने खेल और प्रदर्शन के बारे में चर्चा करने के बहाने नाबालिग शूटर को फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया। पहले कोच ने उसे होटल की लॉबी में मिलने के लिए कहा, लेकिन बाद में दबाव डालकर उसे अपने कमरे में बुला लिया, जहां उसने खिलाड़ी के साथ गलत काम किया। कोच पर यह भी आरोप है कि उसने पीड़िता को मुंह खोलने पर उसका करियर बर्बाद करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। डरी-सहमी एथलीट किसी तरह वहां से निकली और बाद में परिजनों को आपबीती बताई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनआईटी फरीदाबाद के महिला पुलिस थाने में कोच के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल यादव ने बताया कि आरोपों की पुष्टि के लिए होटल प्रशासन से घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज तलब की गई है। उधर, एनआरएआई के सचिव पवन कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि संघ की ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति है और जांच पूरी होने तक कोच को किसी भी प्रकार का काम नहीं सौंपा जाएगा।

Sports world disgraced… National pistol coach accused of sexually assaulting a 17-year-old shooter; NRAI takes major action.








