You are currently viewing जालंधर में तेज रफ्तार का कहर, 130 की स्पीड से आ रही कार ने मारी ऐसी टक्कर कि 7 फीट हवा में उछला युवक, रूह कंपा देगा यह हादसा

जालंधर में तेज रफ्तार का कहर, 130 की स्पीड से आ रही कार ने मारी ऐसी टक्कर कि 7 फीट हवा में उछला युवक, रूह कंपा देगा यह हादसा

जालंधर: जालंधर के लम्मा पिंड चौक के पास आज सुबह तेज रफ्तार का खौफनाक कहर देखने को मिला है। यहां एक बेकाबू कार ने अपनी लेन में सही चल रहे एक बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि युवक करीब पांच से सात फीट हवा में उछलकर सड़क पर आ गिरा। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ड्यूटी पर जा रहा था गुरु नानक पुरा का रहने वाला अरुण

मृतक की पहचान गुरु नानक पुरा निवासी अरुण के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अरुण एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और रोजमर्रा की तरह अपने घर से ड्यूटी के लिए निकला था। जैसे ही वह लम्मा पिंड चौक फ्लाईओवर के पास पहुंचा, पीछे से आ रही मौत रूपी कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी, जिसके बाद थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

चश्मदीदों ने बयां किया खौफनाक मंजर, 130 से ज्यादा थी कार की रफ्तार

इस हादसे को अपनी आंखों से देखने वालों की रूह कांप गई। मौके पर मौजूद चश्मदीद मनजीत सिंह ने बताया कि कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक हवा में बुरी तरह उछला और जमीन पर गिरते ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य राहगीर कपिल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह भी अपनी कार से जा रहे थे और उनके साथ ही एक वेन्यू कार बेहद खतरनाक तरीके से दौड़ रही थी। उस कार की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा से भी अधिक रही होगी। अरुण अपनी साइड पर बिल्कुल सही चल रहा था, लेकिन उस बेकाबू कार ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, आरोपी कार चालक की तलाश तेज

घटना की जानकारी देते हुए थाना रामामंडी के जांच अधिकारी बलकरण सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से लम्मा पिंड फ्लाईओवर पर हुए इस एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है, जिससे परिवार में मातम पसर गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और फरार कार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

Speeding wreaks havoc in Jalandhar; a car traveling at 130 mph hits a man so hard that he is thrown