You are currently viewing सौरव गांगुली की होगी BCCI से विदाई, इस दिग्गज को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

सौरव गांगुली की होगी BCCI से विदाई, इस दिग्गज को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

मुंबई: पूर्व भारतीय कप्‍तान और मौजूदा बीसीसीआई अध्‍यक्ष सौरव गांगुली आगामी सप्‍ताहों में बोर्ड से विदाई ले सकते हैं। गांगुली ने अपने कार्यकाल में कई बड़े फैसले लिए। सूत्रों के मुताबिक शीर्ष अधिकारियों की एक राउंड की बैठक हो चुकी है, जिसमें अगले चुनाव के बारे में विचार-विमर्श किया गया। अगले सप्‍ताह दिल्‍ली में अगली बैठक होने की उम्‍मीद है, जहां राज्‍य संघ अगले बीसीसीआई चुनाव पर अपने विचार साझा करेंगे।

1983 वर्ल्‍ड कप विजेता टीम के सदस्‍य पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रोजर बिन्‍नी बीसीसीआई अध्‍यक्ष सौरव गांगुली की जगह लेने के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। जय शाह बीसीसीआई सचिव पद पर बरकरार रहेंगे। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से गांगुली और शाह को बड़ी राहत मिली थी, जिन्‍हें अपने पद की जिम्‍मेदारी जारी रखने की अनुमति मिली थी और भारतीय बोर्ड को अपने संविधान में संशोधन करने की अनुमति भी मिली थी।

सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई की याचिका भी स्‍वीकार की थी, जिसमें राज्‍य संघ में एक कार्यकाल (3 साल) और बीसीसीआई में एक कार्यकाल (3 साल) के बाद कूलिंग पीरियड हटाने की बात कही गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने साथ ही कहा था कि कूलिंग पीरियड दो लगातार कार्यकाल के बाद ही आएगा, जिसका मतलब यह है कि राज्‍य संघ में अधिकारी 6 साल का बिता सकता है और फिर एक बार में बीसीसीआई में 6 साल का काम कर सकता है। कूलिंग ऑफ पीरियड इसके बाद तीन साल के लिए लागू होगा।

Sourav Ganguly will bid farewell to BCCI this legend can get big responsibility