
कटड़ा/जम्मू: जम्मू-कश्मीर में सोमवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिसके चलते श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। खराब मौसम और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने यह फैसला लिया है। बारिश के कारण जम्मू संभाग के 6 जिलों में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, तेज बारिश के कारण सबसे पहले यात्रा के हिमकोटि मार्ग को बंद किया गया था। जब मौसम में कोई सुधार नहीं हुआ, तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी यात्रा को ही कुछ घंटों के लिए स्थगित करने का फैसला लिया गया। बोर्ड के एक प्रवक्ता ने कहा, “स्थिति सामान्य होते ही यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।” प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल श्राइन बोर्ड के आधिकारिक अपडेट का पालन करने की अपील की है।

बारिश का असर सिर्फ यात्रा पर ही नहीं, बल्कि पूरे जम्मू क्षेत्र पर पड़ रहा है। रावी नदी पर बने रंजीत सागर बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण उसके सभी गेट खोल दिए गए हैं। मौसम विभाग ने डोडा, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, सांबा और उधमपुर जिलों में 27 अगस्त की सुबह 5:30 बजे तक मध्यम से तेज बाढ़ का खतरा जताया है।
निचले इलाके जलमग्न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 जारी किया गया है।
View this post on Instagram


Shrine Board’s big decision




