जालंधर: जालंधर के बस्तियात क्षेत्र स्थित उजाला नगर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू के एक करीबी रिश्तेदार ने खुद को गोली मार ली। यह खौफनाक कदम उठाने वाला युवक पार्षद के भांजे का बेटा है, जिसकी उम्र करीब 21 साल बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद खून से लथपथ युवक को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी है, लेकिन अभी उसे खतरे से बाहर नहीं बताया गया है।
कारोबार में घाटे से था परेशान
पार्षद मनजीत सिंह टीटू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनका नाती (भांजे का बेटा) जूतों का कारोबार करता था। पिछले कुछ समय से व्यापार में लगातार घाटा और परेशानियां चल रही थीं, जिसके चलते वह काफी तनाव में था। इसी परेशानी के कारण वह कुछ समय के लिए घर छोड़कर बैंगलोर चला गया था। परिवार को लगा था कि शायद माहौल बदलने से स्थिति सुधर जाएगी, लेकिन डिप्रेशन उस पर हावी रहा।
कल ही लौटा था बैंगलोर से, पिता की रिवाल्वर का किया इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, युवक कल ही बैंगलोर से वापस जालंधर लौटा था। घर वापसी पर सब कुछ सामान्य लग रहा था और परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कोई घातक कदम उठा लेगा। बुधवार को उसने मौका पाकर घर में रखी अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल निकाली और खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की तरफ दौड़े तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Shocking incident in Jalandhar: The son of a BJP councilor’s nephew shot himself, attempting suicide with his father’s pistol




