जालंधर: जालंधर के नूरमहल इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति का ममेरा भाई अपनी ही भाभी और उसके छह साल के मासूम बेटे को लेकर फरार हो गया है। भागने से पहले आरोपी ने घर में रखे 50 हजार रुपये नकद और सोने के गहनों पर भी हाथ साफ कर दिया। इस पूरी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नूरमहल थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
36 साल से साथ रह रहा था भतीजा
पुलिस को दी गई शिकायत में चचेरी सास ने बताया कि वह एक मंदिर में सेवा का काम करती हैं। उनका भतीजा पिछले 36 सालों से उन्हीं के पास रहकर जीवन यापन कर रहा था। करीब छह साल पहले इस भतीजे की शादी जगराओं की रहने वाली एक महिला के साथ हुई थी, जिससे उनका एक छह साल का बेटा भी है। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इसी बीच एक करीबी रिश्तेदार की दखलंदाजी ने हंसता-खेलता घर उजाड़ दिया।
ऐसे बिछाया प्रेम का जाल
शिकायतकर्ता के अनुसार, जालंधर जिले के नकोदर सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव लिटरां का रहने वाला जतिंदर कुमार, जो कि उनके भतीजे का ममेरा भाई है, अक्सर उनके घर आने-जाने लगा। पिछले 10 महीनों से उसका मंदिर में भी लगातार आना-जाना लगा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान जतिंदर ने अपने भाई की पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। मौका पाकर वह भाभी और उसके बेटे को लेकर घर से फरार हो गया।
मंदिर की अलमारी का ताला तोड़कर की चोरी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी जतिंदर कुमार केवल महिला और बच्चे को ही नहीं ले गया, बल्कि उसने मंदिर के अंदर रखी एक अलमारी का ताला भी तोड़ा। वहां से उसने 50 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी और सोने की बालियां भी चुरा लीं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी जतिंदर पहले से ही शादीशुदा है और उसके खुद के भी एक बेटा और एक बेटी है। उसका अपनी पत्नी से अभी तक कोई कानूनी तलाक भी नहीं हुआ है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस घटना की सूचना तुरंत नूरमहल पुलिस थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। मामले की जांच कर रहे अधिकारी एएसआई जनक कुमार ने इस संबंध में बताया कि उन्हें परिवार की तरफ से शिकायत मिल गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

Shameful Incident in Jalandhar: Entrapping them in a ‘Love Trap,’ a Brother-in-Law Absconds with his Sister-in-Law




