लुधियाना: लुधियाना जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। सुनहरे भविष्य का सपना लेकर ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर गई 19 वर्षीय छात्रा कोमलप्रीत कौर की एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब कोमलप्रीत अपनी पार्ट-टाइम जॉब (नाइट ड्यूटी) खत्म करके देर रात घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस मनहूस खबर के बाद से पंजाब में उनके परिवार और गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नाइट ड्यूटी से पैदल लौटते वक्त हुआ खौफनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात कोमलप्रीत कौर अपना काम खत्म करके पैदल ही अपने घर की ओर जा रही थीं। पर्थ पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे जॉन स्ट्रीट के पास, अल्बानी हाईवे पर बेंटले प्लाजा कार पार्किंग के नजदीक एक तेज रफ्तार नीली हुंडई i30 हैचबैक कार ने उन्हें बेहद जोरदार टक्कर मार दी। कैनिंगवेल इलाके में हुई यह टक्कर इतनी भयानक थी कि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उन्हें एम्बुलेंस के जरिए रॉयल पर्थ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
नर्सिंग की पढ़ाई और खर्च निकालने के लिए करती थी पार्ट-टाइम जॉब
कोमलप्रीत कौर पिछले साल ही अपने सपनों को उड़ान देने के लिए ऑस्ट्रेलिया गई थीं। वह पर्थ के मशहूर ‘स्टैनली कॉलेज’ से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। अपने परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए वह अपनी पढ़ाई और वहां रहने का खर्च निकालने की खातिर कॉलेज के साथ-साथ पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थीं। वह लुधियाना जिले में रायकोट-हलवारा के पास स्थित गांव कलसियां की रहने वाली थीं। उनके पिता अमरीक सिंह भारतीय सेना से रिटायर्ड सूबेदार हैं, जिन्होंने बड़े अरमानों से अपनी होनहार बेटी को विदेश भेजा था। बेटी की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है।
पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है कार ड्राइवर
हादसे के बाद पर्थ की मेजर क्रैश इन्वेस्टिगेशन स्क्वाड की टीम इस खौफनाक घटना की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हुंडई कार चलाने वाला 19 वर्षीय ड्राइवर जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और फिलहाल उस पर कोई आरोप तय नहीं किया गया है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस हादसे की डैशकैम फुटेज, मोबाइल फोन से बनी कोई वीडियो हो या कोई चश्मदीद गवाह हो, तो वह पुलिस से संपर्क करे, ताकि हादसे की सही परिस्थितियों का सटीक पता लगाया जा सके।

sent-to-australia-with-high-hopes-daughter-crushed-by-speeding-car








