You are currently viewing सावधान: QR कोड स्कैन करने से भी खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट, SBI ने ग्राहकों को किया अलर्ट

सावधान: QR कोड स्कैन करने से भी खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट, SBI ने ग्राहकों को किया अलर्ट

नई दिल्ली: ऑनलाइन बैंकिग और ट्रांजेक्शन इन दिनों काफी चलन में है। छोटी-छोटी दुकानों पर भी आपको क्यूआर कोड स्कैनर लगे दिख जाएंगे। इन सुविधाओं ने एक ओर जहां लोगों के बैंक से जुड़े काम आसान किए हैं, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर क्राइम के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ साल में क्यूआर कोड से भी फ्रॉड के मामले सामने आए हैं। क्यूआर कोड फ्रॉड के बढ़ते मामले को देखते हुए देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एसबीआई ने अपने 44 करोड़ ग्राहकों को अलर्ट किया है। बैंक ने कहा है कि अगर आपको किसी भी व्यक्ति की तरफ से कोई QR कोड मिलता है तो उसे भूल से भी स्कैन न करें। ऐसा करने से आप एक झटके में कंगाल हो सकते हैं।

SBI ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत लोगों को वित्तीय मामलों में शिक्षित बनाने की मुहिम शुरू की है। इसी मुहिम के तहत SBI ने गुरुवार को Tweet किया कि ‘क्यूआर कोड स्कैन करें और पैसे पाएं? ये रॉन्ग नंबर है। क्यूआर कोड स्कैम से सावधान रहें। स्कैन करने से पहले सोचें, अनजान और अनवेरीफाइड क्यूआर कोड स्कैन नहीं करें। सावधान रहें और एसबीआई के साथ सुरक्षित बनें रहें।’

बैंक ने इस Tweet के साथ एक छोटा इंफोग्राफिक्स वीडियो भी पोस्ट किया। वीडियो में क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट करने की प्रोसेस दिखाते हुए कहा गया है, ‘स्कैन और स्कैम? कभी भी अनजान क्यूआर कोड को स्कैन न करें और न ही यूपीआई पिन एंटर करें।

ऐसे होता है QR कोड से फ्रॉड
SBI ने बताया कि QR कोड का इस्तेमाल हमेशा पेमेंट करने के लिए होता है, पेमेंट लेने के लिए नहीं। ऐसे में अगर कभी आपके पास पेमेंट प्राप्त करने के नाम पर QR कोड स्कैन करने का मैसेज या मेल आए तो तो भूल कर भी स्कैन न करें। इससे आपका अकाउंट खाली हो सकता है। बैंक ने बताया कि जब आप एक QR कोड स्कैन करते हैं तो आपको पैसे नहीं मिलते हैं बल्कि ये मैसेज आता है कि बैंक अकाउंट से पैसे निकल गए हैं।

Caution: Scanning QR code can empty your bank account, SBI alerts customers