You are currently viewing जालंधर में RTO की लापरवाही: अपॉइंटमेंट के बावजूद टेस्ट ट्रैक पर जड़े मिले ताले; 40 से ज्यादा आवेदक परेशान, फीस भी डूबी

जालंधर में RTO की लापरवाही: अपॉइंटमेंट के बावजूद टेस्ट ट्रैक पर जड़े मिले ताले; 40 से ज्यादा आवेदक परेशान, फीस भी डूबी

जालंधर: जालंधर बस स्टैंड के पास स्थित रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) के ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर शनिवार को भारी हंगामा और अव्यवस्था देखने को मिली। जिन लोगों ने लाइसेंस बनवाने के लिए महीनों पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ली थी, वे जब अपने तय समय पर टेस्ट देने पहुंचे तो दफ्तर पर ताले लटके मिले। छुट्टी की कोई पूर्व सूचना न होने और दफ्तर बंद मिलने के कारण करीब 40 से अधिक आवेदकों ने मौके पर प्रशासन के खिलाफ भारी रोष जताया। लोगों का आरोप है कि आरटीओ विभाग की इस लापरवाही से न केवल उनका कीमती समय बर्बाद हुआ, बल्कि उनकी जमा की गई फीस भी डूब गई।

दुकान बंद कर पहुंचे थे, अब दोबारा फीस भरने का फरमान

टेस्ट देने पहुंचे नरेश कुमार ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्होंने लाइसेंस के लिए करीब एक महीना पहले अपॉइंटमेंट बुक की थी। उन्हें 3 जनवरी को दोपहर 3 बजे का समय मिला था। इसी के चलते वह अपना काम-धंधा छोड़कर और दुकान बंद करके टेस्ट ट्रैक पर पहुंचे थे। लेकिन यहां आकर देखा तो दफ्तर बंद पड़ा था। नरेश ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब कर्मचारी उन्हें दोबारा नई अपॉइंटमेंट लेने की बात कह रहे हैं। इसका मतलब है कि उनकी पहले जमा करवाई गई फीस बेकार हो गई। उन्होंने कहा कि आम आदमी के लिए बार-बार काम छोड़कर आना और हर बार फीस भरना आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान करने वाला है।

दूसरी बार बैरंग लौटा युवक, बोला- पहले भी डूबे थे पैसे

रामामंडी से आए युवक अमनदीप ने बताया कि वह दूसरी बार लाइसेंस टेस्ट के लिए यहां आया है और दूसरी बार उसे निराशा हाथ लगी है। उसे भी दोपहर 3 बजे का स्लॉट मिला था, लेकिन दफ्तर पर ताला लगा मिला। अमनदीप ने बताया कि इससे पहले भी उसने फीस भरकर अपॉइंटमेंट ली थी, लेकिन तब भी दफ्तर बंद होने के कारण उसका टेस्ट नहीं हो पाया था और फीस खराब हो गई थी। मजबूरी में उसने दोबारा फीस भरी, लेकिन आज फिर वही स्थिति है।

लोगों की मांग- फीस रिफंड हो या एडजस्ट

मौके पर करीब 40 से ज्यादा आवेदक परेशान नजर आए। लोगों का कहना था कि अगर किसी कारणवश दफ्तर बंद रखना था या छुट्टी थी, तो आवेदकों को मैसेज या ईमेल के जरिए पहले सूचित किया जाना चाहिए था। बिना सूचना के दफ्तर बंद कर देना जनता के साथ धोखा है। नाराज लोगों ने आरटीओ विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस अव्यवस्था का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही, जिन लोगों की फीस विभाग की गलती से खराब हुई है, उन्हें राहत दी जाए और उनकी फीस को अगली तारीख के लिए एडजस्ट किया जाए, ताकि उन्हें दोबारा भुगतान न करना पड़े।

RTO negligence in Jalandhar: Test track found locked despite scheduled appointments.