जालंधर ( PLN) अमरिंदर राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद आज नए प्रधान का एलान हो गया। परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रधान नियुक्त किया है। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
टॉप पर चल रहा था इंदर सिंगला का नाम
परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पिछले कई महीनों से पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। पहले विजय इंदर सिंगला का नाम अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे चल रहा था। पार्टी के भीतर सिंगला के नाम को लेकर लंबे समय से मंथन भी चल रहा था। इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, सुखबिंदर सिंह सरकारिया और परगट सिंह के नाम भी चर्चा में थे।
राजा वड़िंग ने राहुल गांधी को आज ही सौंपा इस्तीफा
राजा वड़िंग ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से सौंप दिया। मुलाकात में उन्होंने पंजाब कांग्रेस की स्थिति और पिछले साढ़े चार वर्षों के अपने अनुभव से हाईकमान को अवगत कराया।
‘राहुल गांधी किसी के सगे नहीं हैं’
बीजेपी और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से कांग्रेस के नेता जिस तरह आपस में लड़ रहे हैं, वो तो सिर्फ ट्रेलर है अभी पूरी पिक्चर बाकी है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी किसी के सगे नहीं हैं। वह यूज एंड थ्रो की पॉलिसी पर चलते हैं, राजा वडिंग इसका लेटेस्ट एग्जाम्पल हैं। पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वडिंग का इस्तीफा सिर्फ शुरुआत है, चुनाव से पहले कांग्रेस में भगदड़ मचेगी।





