जालंधर: अमेरिका के ओहियो प्रांत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस से बचने की कोशिश में पंजाब मूल के 33 वर्षीय तरसेम सिंह ने अपनी रेंज रोवर कार को 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाते हुए एक जीप को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक 17 साल की गर्भवती लड़की और उसके पेट में पल रहे अजन्मे बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में सुनवाई करते हुए अमेरिकी कोर्ट ने आरोपी तरसेम सिंह पर 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 9.4 करोड़ रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। अब इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 3 अप्रैल को होनी तय हुई है।
पुलिस के सायरन से घबराकर बेकाबू कर दी गाड़ी की रफ्तार
डार्क काउंटी शेरिफ विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा 16 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर हुआ था। पुलिस ने स्टेट रूट 47 पर आरोपी की रेंज रोवर वेलार को 55 माइल प्रति घंटा की तय लिमिट के बजाय 79 माइल प्रति घंटा की तेज रफ्तार से जाते हुए देखा था। जब पुलिस ने इमरजेंसी लाइट्स और सायरन बजाकर गाड़ी को रोकने का इशारा किया, तो ड्राइवर तरसेम सिंह ने रुकने के बजाय कार की स्पीड और ज्यादा बढ़ा दी। पुलिस और आरोपी के बीच करीब 8 किलोमीटर तक यह खतरनाक पीछा चला, जिसमें रेंज रोवर की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इस अनियंत्रित रफ्तार के कारण तरसेम ने एक मोड़ पर अपना नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही एक जीप से उसकी सीधी और भयानक टक्कर हो गई।
हवा में उछलकर सड़क पर गिरी किशोरी, मौके पर ही तोड़ा दम
यह टक्कर इतनी ज्यादा जबरदस्त थी कि रेंज रोवर सड़क पर कई बार पलटी खा गई। इस खौफनाक मंजर के दौरान जीप में बैठी 17 वर्षीय ऐशली होम्स झटके से उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह रही कि ऐशली गर्भवती थी और इस भीषण हादसे में उसके अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई। हादसे में जीप चला रही रोक्साना कैसारेज सेंटियागो को मामूली चोटें आईं, जबकि आरोपी तरसेम सिंह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया, जहां गिरफ्तारी के बाद उसका इलाज हुआ।
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था आरोपी, अब कसेगा कानूनी शिकंजा
पुलिस की गहरी जांच में एक और बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आरोपी तरसेम सिंह अमेरिका में बिना वैध दस्तावेजों के यानी अवैध रूप से रह रहा था। इस खुलासे के बाद इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने उस पर डिटेनर भी लगा दिया है। ओहियो स्टेट हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस की जांच और क्रूजर कैमरा वीडियो के आधार पर डार्क काउंटी ग्रैंड ज्यूरी ने 23 मार्च 2026 को आरोपी पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से हत्या और एग्रवेटेड व्हीकुलर होमिसाइड जैसे 8 बेहद गंभीर चार्ज लगाए हैं। हालांकि, 24 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई कोर्ट में पेशी के दौरान तरसेम सिंह ने खुद को बेकसूर बताया है।
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, जांच में जुटी पुलिस
एक गर्भवती किशोरी की इस तरह से हुई दर्दनाक मौत के बाद अमेरिका के स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर इंडियन ड्राइवरों को लेकर एक नई और तीखी बहस छिड़ गई है। वहीं, स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले के हर पहलू को खंगाल रही है। अधिकारी अब इस दिशा में भी गहराई से जांच कर रहे हैं कि एक्सीडेंट में मारी गई लड़की और आरोपी के बीच पहले से कोई संबंध तो नहीं था। फिलहाल सभी की निगाहें 3 अप्रैल को होने वाली कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

Range Rover Driven at 200 MPH to Evade Police in the US; Pregnant Woman Dies a Tragic Death




