खन्ना: हथियारों का प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर टशन दिखाने का शौक मशहूर पंजाबी गायक विक्की तालीवान उर्फ बिक्रमजीत सिंह के लिए भारी पड़ गया है। खेतों में लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग करने और उसका वीडियो बनाकर वॉट्सऐप स्टेटस पर अपलोड करने के आरोप में खन्ना पुलिस ने गायक को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो वायरल होने और पुलिस के संज्ञान में आने के बाद थाना माछीवाड़ा साहिब में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
गुरदासपुर में दागी गोलियां, माछीवाड़ा पहुंचकर लगाया स्टेटस
पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में खुलासा हुआ है कि फायरिंग की यह वारदात गुरदासपुर के बटाला इलाके में स्थित खेतों में अंजाम दी गई थी। वायरल वीडियो में सिंगर खुलेआम पिस्टल से हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने माछीवाड़ा साहिब के गांव बहिलोलपुर पहुंचकर इस वीडियो को अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर डाल दिया। वीडियो तेजी से सर्कुलेट हुआ और पुलिस तक पहुंच गया, जिसके बाद साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने हरकत में आते हुए आरोपी गायक को दबोच लिया।

AAP नेता के गनमैन का निकला हथियार, जांच के घेरे में आया सुरक्षाकर्मी
इस मामले में एक और बेहद चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि फायरिंग में जिस लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, वह मनवीर सिंह नाम के शख्स की है। मनवीर सिंह गुरदासपुर जिले के एक आम आदमी पार्टी (AAP) नेता का सुरक्षाकर्मी (गनमैन) बताया जा रहा है। अब पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि एक नेता के सरकारी गनमैन का लाइसेंसी हथियार सिंगर के हाथों तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसे फायरिंग के लिए सौंपा गया। पुलिस ने हथियार मालिक को भी पूछताछ के लिए तलब करने की तैयारी कर ली है।
सिंगर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
समराला के डीएसपी प्रितपाल सिंह संधू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग का वीडियो सामने आते ही त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की तालीवान को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। डीएसपी के मुताबिक, सिंगर के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े से जुड़े दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हथियार के लाइसेंस, फायरिंग की सही लोकेशन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Punjabi singer lands in trouble after posting a WhatsApp status showing him firing shots in the air in the fields




