You are currently viewing पंजाबी सिंगर गीता जैलदार की गुंडागर्दी, ढाई महीने पुराने कुर्ते को लेकर दुकानदार को जड़ा थप्पड़, CCTV फुटेज वायरल

पंजाबी सिंगर गीता जैलदार की गुंडागर्दी, ढाई महीने पुराने कुर्ते को लेकर दुकानदार को जड़ा थप्पड़, CCTV फुटेज वायरल

फगवाड़ा: कपूरथला जिले के फगवाड़ा में एक कपड़ा दुकानदार और मशहूर पंजाबी सिंगर गीता जैलदार के बीच भारी हंगामे और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने सिंगर और उनके साथ आए बाउंसरों पर दुकान में जबरन घुसकर बदसलूकी और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पूरी घटना की शिकायत फगवाड़ा पुलिस को सौंप दी गई है। विवाद की मुख्य वजह खरीदे गए कपड़ों की वापसी को लेकर हुई बहस बताई जा रही है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीखी बहस के बाद सिंगर सरेआम दुकानदार को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि बीच-बचाव करने के लिए दुकानदार के पिता को आगे आना पड़ा।

ढाई महीने पुराने कुर्ते-चादरे को लेकर भड़का विवाद

स्थानीय लाडी दी हट्टी के मालिक निशांत ने घटना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पंजाबी गायक गीता जैलदार ने करीब ढाई महीने पहले उनकी दुकान से लगभग दो हजार रुपये कीमत का एक कुर्ता-चादरा खरीदा था। शनिवार को वह अचानक उसी कपड़े को वापस करने की जिद लेकर दुकान पर आ धमके। दुकानदार के मुताबिक, जैलदार ने दुकान में दाखिल होते ही उन पर घटिया कपड़ा देने का आरोप मढ़ना शुरू कर दिया। जब दुकानदार ने स्थिति को संभालते हुए उन्हें कपड़ा बदल कर देने की पेशकश की, तो सिंगर और उनके साथ आए लोगों ने उल्टा उन्हें धमकाना शुरू कर दिया कि आखिर उन्हें खराब कपड़ा दिया ही क्यों गया।

बिना गारंटी वाले कपड़े पर मारपीट और गाली-गलौज

विवाद के दौरान दुकानदार निशांत ने सिंगर को यह समझाने की कोशिश की कि रेडीमेड कपड़ों की कोई पक्की गारंटी नहीं होती है और कभी-कभार कोई पीस कंपनी से ही खराब निकल सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सब जानबूझकर नहीं किया गया है। लेकिन कपड़ों की वापसी की जिद पर अड़े सिंगर और उनके साथ आए लगभग एक दर्जन बाउंसरों ने एक न सुनी। विवाद इतना बढ़ गया कि गीता जैलदार ने दुकानदार को थप्पड़ जड़ दिए, जिससे हाथापाई में निशांत की शर्ट का बटन भी टूट गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उस समय दुकान में कई महिला ग्राहक भी मौजूद थीं, लेकिन सिंगर ने किसी बात का ध्यान न रखते हुए आपत्तिजनक और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया। अब दुकानदार ने सिंगर से इस कृत्य के लिए सार्वजनिक माफी की मांग की है।


 

Punjabi singer Geeta Zaildar’s hooliganism, slapping a shopkeeper over a two-and-a-half-month-old kurta