You are currently viewing इस देश की राष्ट्रपति से सरेआम छेड़छाड़, शख्स ने की चूमने की कोशिश; भड़कीं प्रेसिडेंट

इस देश की राष्ट्रपति से सरेआम छेड़छाड़, शख्स ने की चूमने की कोशिश; भड़कीं प्रेसिडेंट

मेक्सिको सिटी: मेक्सिको में इन दिनों महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। इसका कारण कोई और नहीं, बल्कि खुद देश की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबॉम हैं, जिनके साथ सरेआम बदसलूकी की गई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ, जिसमें एक शख्स राष्ट्रपति शेनबॉम के साथ छेड़छाड़ करता और उन्हें चूमने की कोशिश करता नज़र आ रहा है।

यह घटना उस वक्त हुई जब वह राजधानी में बैठकों के बीच पैदल जा रही थीं। इस घटना ने मेक्सिको में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे देश में जहां लैंगिक हिंसा और ‘माचो संस्कृति’ (Macho Culture) गहराई तक मौजूद है।

इस गंभीर मामले में राष्ट्रपति क्लाउडिया ने खुद पुलिस के पास आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर यह देश की राष्ट्रपति के साथ हो सकता है, तो फिर आम युवतियों की सुरक्षा कहां है? किसी भी पुरुष को महिलाओं की निजी सीमा लांघने का कोई अधिकार नहीं है।”

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक इलाके में हुई। राष्ट्रपति शेनबॉम राष्ट्रीय महल से शिक्षा मंत्रालय की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान, जैसा कि वीडियो में दिख रहा है, एक मध्यम उम्र का व्यक्ति उनके करीब आया, उन्हें छुआ और जबरन चूमने की कोशिश की।

राष्ट्रपति शेनबॉम ने तुरंत उसका हाथ झटक दिया और उनके स्टाफ ने फौरन बीच-बचाव किया। बताया गया कि घटना के वक्त सुरक्षा टीम राष्ट्रपति के बिल्कुल करीब नहीं थी। बाद में राष्ट्रपति ने बताया कि वह व्यक्ति नशे की हालत में था।

इस घटना के बाद राष्ट्रपति क्लाउडिया ने ‘री-विक्टिमाइजेशन’ (Re-victimization) का मुद्दा उठाते हुए मेक्सिकन अखबार ‘रिफोर्मा’ (Reforma) की कड़ी आलोचना की। अखबार ने इस घटना की तस्वीर प्रकाशित की थी, जिस पर राष्ट्रपति ने कहा कि यह मीडिया की नैतिक सीमा को पार करता है।

क्लाउडिया ने कहा, “किसी भी अख़बार द्वारा ऐसी तस्वीरें प्रकाशित करना भी अपराध है। मैं अख़बार से माफ़ी की उम्मीद कर रही हूं।”

मेक्सिको की पहली महिला राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबॉम ने इस घटना के बाद भी साफ़ कर दिया है कि वह अपनी सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “मैं जनता के बीच में रहना चाहती हूं। इसलिए व्यवस्थाओं में कोई तब्दीली नहीं की जाएगी।” इस बीच, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई अकाउंट्स से इसे हटा दिया गया है।

इस घटना के बाद महिला मंत्रालय ने एक बयान जारी कर महिलाओं से हिंसा के मामलों की शिकायत करने की अपील की, लेकिन साथ ही मीडिया से भी ऐसी सामग्री साझा न करने को कहा जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाए।

हालांकि, कई नारीवादी संगठनों ने शेनबॉम पर पहले भी यह आरोप लगाए हैं कि उन्होंने राष्ट्रपति रहते हुए महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मेक्सिको में 2024 में 821 महिलाओं की हत्या के मामले दर्ज हुए, जबकि इस साल सितंबर तक यह आंकड़ा 501 है। विशेषज्ञों का मानना है कि असल आंकड़े इससे कहीं अधिक हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Publicly harassing the President