लुधियाना: लुधियाना से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नगर निगम जोन बी के दफ्तर में उस वक्त भारी हंगामा मच गया, जब शिरोमणि अकाली दल के एक पार्षद ने तैश में आकर सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर (SE) को उनके ही केबिन में थप्पड़ जड़ दिए। इस सरेआम हुए हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पूरे नगर निगम दफ्तर में हड़कंप मच गया है। आरोपी पार्षद का साफ तौर पर कहना है कि अधिकारी का रवैया जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों के प्रति बिल्कुल भी ठीक नहीं है और वे अक्सर बदसलूकी से बात करते हैं।
वार्ड के विकास कार्यों को लेकर बिगड़ी बात
जानकारी के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल के पार्षद कमल अरोड़ा अपने वार्ड नंबर 20 के रुके हुए विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए नगर निगम जोन बी के दफ्तर पहुंचे थे। वहां उनकी मुलाकात सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर प्रवीन सिंगला से हुई। पार्षद कमल अरोड़ा का आरोप है कि मुलाकात के दौरान प्रवीन सिंगला ने उनसे सीधे मुंह बात नहीं की। पार्षद का यह भी कहना है कि इससे पहले भी यह अधिकारी जानबूझकर उनके वार्ड के जरूरी कामों की फाइलों को लगातार लटका रहे थे। इसी लेटलतीफी और रवैये को लेकर दोनों के बीच दफ्तर में ही तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते हाथापाई का रूप ले लिया।
घटना के बाद बिना कुछ बोले दफ्तर से निकले अफसर
दफ्तर में हुई इस हाथापाई और थप्पड़बाजी की अप्रत्याशित घटना के बाद सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर प्रवीन सिंगला जोन बी दफ्तर से तुरंत बाहर निकल गए। वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने उनसे इस पूरे विवाद पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया और अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए। हालांकि, बाद में अधिकारी के भाई ने फोन पर मीडिया से बातचीत करते हुए इस बात की पुष्टि जरूर की है कि अकाली पार्षद कमल अरोड़ा ने उनके भाई के साथ दफ्तर में हाथापाई की है। उन्होंने यह भी बताया कि अफसर बहुत जल्द ही इस पूरे मामले की सच्चाई लेकर मीडिया के सामने अपना पक्ष रखेंगे।


Public slapping in Ludhiana Municipal Corporation: Akali councilor slapped the SE in his own cabin








