हिंडौन (राजस्थान)ः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया करते कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में छिपे आतंक के आका को ग्लोबल आतंकी घोषित करने के बाद पाकिस्तान की सारी हेकड़ी निकल गई है।
पीएम ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और आतंकवादियों के मंसूबों पर ये तीसरी बड़ी स्ट्राइक हुई है। अब आप बताइए पाकिस्तान की हेकड़ी निकली है या नहीं? आतंक और आतंकियों से निपटने के कांग्रेसी तरीके और भाजपा के तरीके की तुलना नहीं हो सकती। याद करिए, कांग्रेस कहती थी कि ‘हर एक आतंकी हमले को रोकना मुमकिन नहीं है।’ उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। दो दिन पहले ही भारत के बहुत बड़े दुश्मन मसूद अजहर को दुनिया की सबसे बड़ी संस्था ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया है। पाकिस्तान में बैठा आतंकियों का ये आका कई बरसों से भारत को घाव पर घाव दे रहा था।
प्रधानमंत्री ने चुनावी सभा में कहा कि आज जब हम सब यहां एकत्रित हुए हैं तो उस समय देश के पूर्वी और दक्षिणी तट पर रहने वाले लाखों परिवार भीषण चक्रवात का सामना कर रहे हैं। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी की सरकारों के साथ केंद्र सरकार लगातार संपर्क में है। गुरुवार को ही हम इस चक्रवात से जूझ रहे राज्यों के लिए 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी कर चुके हैं। एनडीआरएफ, कोस्टगार्ड, भारतीय नौसेना और थल सेना पूरी मुस्तैदी के साथ प्रशासन के साथ जुटी हुई है।




