You are currently viewing जालंधर में सियासी दंगल: परगट सिंह के घर के बाहर भिड़े AAP और कांग्रेसी; जमकर हुई धक्का-मुक्की

जालंधर में सियासी दंगल: परगट सिंह के घर के बाहर भिड़े AAP और कांग्रेसी; जमकर हुई धक्का-मुक्की

जालंधर: जालंधर में शनिवार को सियासी माहौल उस वक्त पूरी तरह गरमा गया जब आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दिल्ली की विधायक आतिशी से जुड़े वीडियो विवाद की आंच अब पंजाब की सड़कों पर भी देखने को मिल रही है। आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह के घर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में तब्दील हो गई।

जमकर हुआ हंगामा, पुलिस ने कराया शांत

प्रदर्शन के दौरान हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब ‘आप’ कार्यकर्ताओं के विरोध का जवाब देने के लिए कांग्रेसी भी बाहर आ गए। मौके से सामने आए वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी और धक्का-मुक्की हो रही है। हंगामा इतना बढ़ गया कि कानून व्यवस्था बिगड़ने की नौबत आ गई। हालांकि, मौके पर पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और बड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत करवाया।

विधायक परगट सिंह और खैरा पर दर्ज हुई है FIR

इस पूरे विवाद की जड़ वह एफआईआर है जो हाल ही में कांग्रेस विधायक परगट सिंह, सुखपाल सिंह खैरा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की गई है। दरअसल, इकबाल सिंह नामक व्यक्ति की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ है, जिसमें दिल्ली विधानसभा में ‘आप’ नेता आतिशी के कथित वीडियो को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। भाजपा ने आतिशी पर गुरुओं के अपमान का आरोप लगाया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल हुए थे। इसी मामले में कांग्रेस नेताओं पर केस दर्ज होने के बाद सियासत तेज हो गई है और ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने आज परगट सिंह के आवास का घेराव किया।

Political clash in Jalandhar: AAP and Congress workers clashed outside Pargat Singh’s house