जालंधर: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के पॉश इलाके पीपीआर मार्केट में चल रहे अवैध हुक्का बार पर शिकंजा कसा है। थाना-7 की पुलिस ने देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर मार्केट स्थित ‘रिपब्लिक हुक्का बार’ पर छापेमारी कर वहां अवैध रूप से शराब और हुक्का परोसने के खेल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि यह बार एक स्थानीय नेता के दामाद द्वारा चलाया जा रहा था।
रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार
जालंधर की पीपीआर मार्केट अवैध शराब और हुक्का परोसने को लेकर पहले भी सुर्खियों में रही है। पुलिस की तमाम सख्ती के बावजूद कुछ रसूखदार लोग नियमों की धज्जियां उड़ाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि मार्केट में एक रेस्टोरेंट की आड़ में रिपब्लिक हुक्का बार चलाया जा रहा है, जहां युवाओं को हुक्का और शराब परोसी जाती है। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस ने टीम गठित कर बार पर दबिश दी।
हुक्के और शराब बरामद, एफआईआर दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बार के अंदर से कई हुक्के, खुली शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार मालिक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि उक्त हुक्का बार एक स्थानीय नेता द्वारा अपने दामाद के नाम पर खुलवाया गया था, जिसके चलते अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। थाना-7 के प्रभारी ने जानकारी दी कि देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

Police raided a hookah bar owned by a politician’s son-in-law in Jalandhar; two arrested for serving illegal liquor




