जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंच चुके हैं। डेरा परिसर में कदम रखते ही पीएम मोदी ने सबसे पहले श्री गुरु रविदास जी के मंदिर में जाकर शीश झुकाया और परिक्रमा कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान डेरा सचखंड बल्लां के मौजूदा गद्दी नशीन संत निरंजन दास जी उनके साथ विशेष रूप से मौजूद रहे। मंदिर में दर्शन करने के बाद प्रधानमंत्री उस विशाल मंच की ओर बढ़े जहां हजारों की संख्या में संगत उनकी एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रही थी।
आदमपुर एयरपोर्ट को दिया नया नाम, हलवारा एयरपोर्ट भी जनता को सौंपा
डेरा पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने पंजाब वासियों, खासकर दोआबा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी। दोपहर करीब पौने चार बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर पीएम मोदी ने एक अहम फैसला लेते हुए आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज’ एयरपोर्ट रखने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने वहीं से लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे का भी डिजिटल माध्यम से लोकार्पण (उद्घाटन) किया। इन औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे।
मंच पर सिर्फ दो कुर्सियां, दिखा खास सम्मान
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर डेरे के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और एक विशेष मंच तैयार किया गया था। इस मंच की व्यवस्था ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा क्योंकि वहां केवल दो ही कुर्सियां लगाई गई थीं। एक कुर्सी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए और दूसरी डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी के लिए आरक्षित थी। यह विशेष व्यवस्था डेरा प्रमुख के प्रति प्रधानमंत्री के सम्मान और दोनों के बीच के सौहार्दपूर्ण संबंधों को दर्शाती है।
दोआबा की सियासत और काशी कनेक्शन
भले ही प्रधानमंत्री के इस दौरे को पूरी तरह से गैर-राजनीतिक कार्यक्रम बताया जा रहा है, लेकिन सियासी हलकों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। पंजाब के दोआबा क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक ताने-बाने में डेरा सचखंड बल्लां का बहुत बड़ा प्रभाव है। प्रधानमंत्री का यह दौरा इसलिए भी बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि पीएम मोदी जिस वाराणसी संसदीय क्षेत्र से चुनकर आते हैं, वह श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली (सीर गोवर्धनपुर) भी है। ऐसे में पीएम मोदी का डेरा बल्लां आना पंजाब और काशी के बीच के आध्यात्मिक और भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

PM Modi in Jalandhar: Offered prayers at Dera Sachkhand Ballan; Adampur Airport will now be known as ‘Sri Guru Ravidas Maharaj Airport’




