You are currently viewing जालंधर में PM मोदी के दौरे से पहले हड़कंप, 3 बड़े स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मेल में डेरा बल्लां का भी जिक्र

जालंधर में PM मोदी के दौरे से पहले हड़कंप, 3 बड़े स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मेल में डेरा बल्लां का भी जिक्र

जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे से ठीक एक दिन पहले शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी साजिश सामने आई है। शनिवार को जालंधर के तीन प्रमुख स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जिन शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है, उनमें पुलिस डीएवी स्कूल, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल और एमजीएम स्कूल शामिल हैं। वीवीआईपी दौरे के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं, लेकिन इस धमकी ने पुलिस की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

ई-मेल में लिखी खौफनाक बात

धमकी भरी यह ई-मेल बेहद संवेदनशील है क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान डेरा सचखंड बल्लां क्षेत्र में धमाके करने की चेतावनी दी गई है। मेल भेजने वाले ने स्पष्ट लिखा है कि खालिस्तानियों का डेरे से कोई लेना-देना या विरोध नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके दुश्मन हैं। जैसे ही स्कूल प्रबंधन ने यह मेल देखा, उन्होंने तुरंत पुलिस विभाग को सूचित किया। स्कूलों को मिली इस धमकी को प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

एजेंसियां अलर्ट पर, आधिकारिक बयान का इंतजार

सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से चौकन्नी हो गई हैं और साइबर सेल यह पता लगाने में जुट गया है कि यह मेल कहां से और किसने भेजा है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी तक किसी भी पुलिस अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। इस धमकी के बाद स्कूलों और डेरा बल्लां के आसपास की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

Panic in Jalandhar ahead of PM Modi’s visit: Three major schools receive bomb threats