You are currently viewing जालंधर में 10 दिन में तीसरे युवक की मौत से हड़कंप, 25 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम; परिवार ने बताया हार्ट अटैक; मोहल्ले में नशे की चर्चा

जालंधर में 10 दिन में तीसरे युवक की मौत से हड़कंप, 25 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम; परिवार ने बताया हार्ट अटैक; मोहल्ले में नशे की चर्चा

जालंधर: जालंधर के वेस्ट हलके में नौजवानों की मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा मामला थाना भार्गव कैंप के अधीन आते अवतार नगर (मंगू बस्ती) का है, जहां बुधवार सुबह 25 वर्षीय युवक सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद जहां घर में मातम छाया हुआ है, वहीं इलाके में मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं गर्म हैं। यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पिछले 10 दिनों के भीतर जालंधर वेस्ट हलके में यह तीसरे नौजवान की मौत है।

परिवार का दावा- अचानक आया दिल का दौरा

बुधवार सुबह जैसे ही सचिन की मौत की खबर फैली, इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। रोते-बिलखते परिजनों ने दावा किया है कि सचिन की मौत प्राकृतिक है। परिवार के मुताबिक, सचिन को अचानक हार्ट अटैक (दिल का दौरा) पड़ा था। जब तक वे कुछ समझ पाते या उसे अस्पताल ले जाकर इलाज मुहैया करवा पाते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिवार इसे एक हादसा बता रहा है।

मोहल्ले में दबी जुबान नशे की चर्चा, पहले जेल भी जा चुका था मृतक

एक तरफ जहां परिवार इसे हार्ट अटैक बता रहा है, वहीं स्थानीय लोगों और मोहल्ले में दबी जुबान कुछ और ही कहानी बयां की जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक युवक नशे का आदी था। चर्चा है कि इसी लत के चलते वह पहले जेल भी जा चुका था। मोहल्ले के लोगों को आशंका है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज या नशे के सेवन से जुड़ी किसी शारीरिक जटिलता के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, खुलकर कोई भी इस बारे में बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन इलाके में यह चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।

पुलिस घटना से बेखबर, शिकायत का इंतजार

हैरानी की बात यह है कि इलाके में जवान बेटे की मौत और नशे को लेकर हो रही चर्चाओं के बावजूद स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले से अनजान है। थाना भार्गव कैंप के प्रभारी मोहन लाल ने संपर्क करने पर बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास अभी तक मृतक के परिजनों या किसी अन्य की तरफ से कोई शिकायत नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि अगर कोई लिखित शिकायत मिलती है या पोस्टमार्टम की बात सामने आती है, तभी पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेने या जांच करने जैसी कोई पहल नहीं की है।

Panic in Jalandhar after the third young man dies in 10 days; a 25-year-old man passes away