अमृतसर: सरहदी जिले अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। 5 फरवरी की रात श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट का संचालन तुरंत प्रभाव से एक घंटे के लिए रोक दिया गया और पूरे परिसर को सैनिटाइज किया गया। इस सुरक्षा चूक के चलते हवा में मौजूद विमानों को लैंडिंग की इजाजत नहीं दी गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शारजाह और कुआलालंपुर की फ्लाइट्स डायवर्ट, यात्रियों की सांसें अटकीं
हवाई अड्डे के डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात करीब 8:40 बजे रनवे के आसपास ड्रोन जैसी वस्तु की हलचल देखी गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल प्रभाव से उड़ान संचालन निलंबित कर दिया गया। इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा। शारजाह से आ रही फ्लाइट को सुरक्षा कारणों से चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया, जबकि मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर से आ रही उड़ान को दिल्ली भेजना पड़ा। सीआईएसएफ और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रनवे और आसपास के इलाकों की गहन जांच और क्लियरेंस मिलने के बाद रात 9:41 बजे एयरपोर्ट का ऑपरेशन दोबारा बहाल किया जा सका।
पुलिस मुख्यालय तक पहुंची बात, अफसरों ने साधी चुप्पी
इस गंभीर सुरक्षा चूक की रिपोर्ट चंडीगढ़ स्थित पुलिस मुख्यालय को भेज दी गई है। सीनियर अधिकारी लगातार जांच की निगरानी कर रहे हैं और पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इस मामले की विस्तृत जानकारी पर चुप्पी साधी हुई है। सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस ने मिलकर पूरे एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली है। चूंकि अमृतसर पाकिस्तान बॉर्डर से सटा हुआ है, इसलिए सुरक्षा में हुई इस चूक को हल्के में नहीं लिया जा रहा है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन का असली ऑपरेटर कौन था।

Panic at Amritsar airport after a drone sighting; flights suspended for an hour, flights diverted; high alert issued




