You are currently viewing जालंधर के इस मशहूर अस्पताल के बाहर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 गोलियों की गूंज से दहला इलाका, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

जालंधर के इस मशहूर अस्पताल के बाहर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 गोलियों की गूंज से दहला इलाका, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

जालंधर: मोता सिंह नगर स्थित प्रतिष्ठित वरदान आईवीएफ (IVF) सेंटर के बाहर शनिवार रात उस वक्त भारी दहशत फैल गई, जब एक अज्ञात हमलावर ने अस्पताल पर सरेआम गोलियां बरसा दीं। शनिवार रात करीब 9 बजकर 30 मिनट पर एक बाइक सवार युवक अस्पताल के बाहर पहुंचा। उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और इत्मीनान से अपनी बंदूक लोड की। इसके बाद वह सीधे अस्पताल के गेट के सामने आया और एक के बाद एक 5 राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से अंदर मौजूद अस्पताल के स्टाफ में भारी चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत अपनी बाइक पर बैठकर वहां से फरार हो गया।

हेलमेट से छिपाया चेहरा, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ पूरा सच

इस पूरी खौफनाक वारदात का सच घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। सामने आए फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर हेलमेट पहन रखा था और गोलियां चलाते वक्त भी उसने एक पल के लिए अपना हेलमेट नहीं उतारा। यही वजह है कि उसका चेहरा फुटेज में स्पष्ट नहीं हो सका है। इस जानलेवा हमले के बाद से अस्पताल का स्टाफ गहरे सदमे में है, हालांकि अभी तक अस्पताल प्रबंधन की तरफ से इस घटना को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस की तकनीकी टीमें जांच में जुटीं, बाइक के नंबर से हो रही तलाश

गोलियों की गूंज से इलाके में फैली सनसनी की सूचना मिलते ही थाना-6 की पुलिस तुरंत एक्शन में आई और घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस की शुरुआती जांच में अस्पताल के मुख्य गेट पर गोलियों के कई निशान साफ तौर पर देखे गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। अज्ञात शूटर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तकनीकी टीमों को मैदान में उतार दिया गया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की बाइक के नंबर के आधार पर उसके पते का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है ताकि उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

Open fire outside a famous Jalandhar hospital; the echo of five gunshots shook the area