नई दिल्ली: जहरीली स्मॉग की मोटी चादर में लिपटी देश की राजधानी दिल्ली में ‘सांसत’ में पड़ी सांसों को राहत देने के लिए प्रशासन ने अब कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली में आज से प्रवेश के लिए केवल बीएस-6 मानक वाले वाहनों को ही अनुमति दी गई है। वहीं, पेट्रोल पंपों पर बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के ईंधन न मिलने की खबरों के बीच बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। पीयूसी जांच केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं, लेकिन तकनीकी खामियों ने लोगों की मुसीबतों को दोगुना कर दिया।
नए नियमों के डर से लोग सुबह से ही कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग, जनपथ, बाराखंबा और धौला कुआं समेत शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर अपनी गाड़ियों की प्रदूषण जांच कराने पहुंचे। हालांकि, इस दौरान व्यवस्थागत खामियां लोगों के धैर्य की परीक्षा लेती नजर आईं। तकनीकी खराबी के कारण कई पेट्रोल पंपों पर पीयूसी मशीनों का सर्वर ठप हो गया, जिससे घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। हालात इतने अनियंत्रित हो गए कि भीड़ और हंगामे को संभालने के लिए कई पेट्रोल पंपों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
वाहन चालकों में सरकार के फैसले को लेकर समर्थन तो है, लेकिन लचर व्यवस्था पर भारी नाराजगी भी देखने को मिली। घंटों से कतार में लगे बाइक चालक दिव्यांश ने बताया कि वह सुबह 9 बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन सर्वर की आंख-मिचौली जारी है। उन्होंने बताया कि बीएस-6 मॉडल होने के कारण पिछले 10 दिनों से उनका पीयूसी नहीं बन पा रहा है और अगर सरकार नियम बना रही है तो व्यवस्था भी दुरुस्त होनी चाहिए। वहीं, विवेक नाम के एक अन्य चालक ने बताया कि भारी भीड़ के कारण पीयूसी कराने में काफी समय बर्बाद हो रहा है। आम जनता का कहना है कि वे प्रदूषण से राहत चाहते हैं, लेकिन नियमों के पालन के लिए आधारभूत सुविधाओं का सुचारू होना बेहद जरूरी है।
इधर, सड़कों पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने भी सख्ती दिखाते हुए राजधानी के कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया और बिना वैध पीयूसी वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया। यद्यपि बुधवार को सभी वाहनों को ईंधन भरवाने की छूट रही, लेकिन आज (बृहस्पतिवार) से नियमों का कड़ाई से पालन शुरू हो जाएगा। प्रशासन का साफ संदेश है कि प्रदूषण के खिलाफ इस लड़ाई में अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी, लेकिन पीयूसी केंद्रों पर सर्वर का बार-बार डाउन होना इस मुहिम की राह में फिलहाल सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है।

Only these vehicles will be allowed entry into Delhi from today; drivers are anxious as servers at petrol pumps




