You are currently viewing टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा कोई टैक्स, लुधियाना में किसानों ने 3 बड़े टोल किए FREE

टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा कोई टैक्स, लुधियाना में किसानों ने 3 बड़े टोल किए FREE

लुधियाना: भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बड़ा कदम उठाते हुए आज लुधियाना के तीन प्रमुख टोल प्लाजा को पूरी तरह फ्री कर दिया है। दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक जिले के लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान टोल प्लाजा से गुजरने वाले किसी भी छोटे-बड़े वाहन को कोई टोल शुल्क नहीं देना होगा। किसानों का यह एक्शन सीधे तौर पर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ है, जिसके चलते हाईवे से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को आज बड़ी राहत मिली है।

फास्टैग से न कटे पैसा, इसलिए बंद करवाया इंटरनेट

किसानों ने टोल फ्री करने के साथ-साथ इस बात का भी पुख्ता इंतजाम किया है कि वाहन चालकों के बैंक खाते से फास्टैग के जरिए पैसे न कटें। इसके लिए प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा पर इंटरनेट सेवा को पूरी तरह से बंद करवा दिया है। इतना ही नहीं, वहां से गुजरने वाले लोगों के वाहनों के नंबर भी डायरी में नोट किए जा रहे हैं। किसान नेताओं ने साफ ऐलान किया है कि अगर इस दौरान गुजरने वाले किसी वाहन चालक के पास बाद में टोल टैक्स कटने का कोई मैसेज आता है, तो उस टैक्स की कटौती को रुकवाने की पूरी कानूनी कार्रवाई किसान संगठनों द्वारा की जाएगी।

क्यों आर-पार के मूड में हैं किसान संगठन?

किसानों का आरोप है कि केंद्र सरकार लगातार कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां लागू कर रही है, जो सीधे तौर पर किसान, मजदूर और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ हैं। किसान संगठनों का मानना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का देश के कृषि क्षेत्र पर बहुत बुरा और प्रतिकूल असर पड़ेगा। सरकार द्वारा लंबे समय से मांगों की अनदेखी किए जाने से नाराज संयुक्त किसान मोर्चा ने इसी कारण आज राज्यभर के टोल प्लाजा पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने और उन्हें 3 घंटे के लिए पूरी तरह टोल मुक्त रखने का कड़ा फैसला लिया है।

No tax to be charged at toll plazas; farmers in Ludhiana make three major toll plazas free.