जालंधर: पंजाब के निहंग बाबा सतनाम सिंह ने अपनी सुरक्षा के लिए गैंगस्टर लॉरेंस से मदद की गुहार लगाई है। एक वीडियो जारी करते हुए सतनाम सिंह ने लॉरेंस से अपने किसी भी आदमी को उनके पास भेजने की अपील की है। उनका दावा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद से उन पर दो बार जानलेवा हमला हो चुका है और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से मिले कई कट्टरपंथी सिख उनकी हत्या करवाना चाहते हैं।
सतनाम सिंह के अनुसार, उनके खिलाफ यह साजिश इसलिए रची जा रही है क्योंकि वह खुलकर सनातन धर्म की बात करते हैं और निहंग सिंह बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर का समर्थन करते हैं। भाजपा में उनके शामिल होने और उनकी विचारधारा के कारण कई सिख जत्थेबंदियां उनका लगातार विरोध कर रही हैं। ज्ञात हो कि मोगा के चड़िक गांव से संबंध रखने वाले सतनाम सिंह और निहंग रसूलपुर ने बीते दिनों चंडीगढ़ में आयोजित एक कथा समारोह में हिस्सा लिया था और वहां हवन भी किया था। उनके इस कदम का भी सिख संगठनों द्वारा कड़ा विरोध किया गया था।
दूसरी ओर, निहंग बाबा को धमकी देने वाले निहंग मान सिंह बुड्ढा दल ने लॉरेंस से मदद मांगने पर तीखा तंज कसा है। बुड्ढा दल के सदस्यों ने कहा कि हरजीत सिंह और उनके समर्थक अब खौफजदा हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब डरने का क्या फायदा, जब उन्हें पहले ही सही तरीके से चलने की हिदायत दी गई थी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

Nihangs in Punjab seek help from gangster Lawrence




