You are currently viewing कृषि कानूनों के खिलाफ और तेज होगा आंदोलन, पंजाब से 15 हजार अन्नदाता दिल्ली की ओर रवाना- जालंधर में अब मोबाइल टावर बंद करेंगे किसान

कृषि कानूनों के खिलाफ और तेज होगा आंदोलन, पंजाब से 15 हजार अन्नदाता दिल्ली की ओर रवाना- जालंधर में अब मोबाइल टावर बंद करेंगे किसान

चंडीगढ़: कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसानों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। संगरूर से 15 हजार किसानों ने दिल्ली कूच किया। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी किसानों ने पंजाब के भाजपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोले रखा। जालंधर में किसानों ने भाजपा के दिल्ली के सांसद हंसराज हंस और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव भाजपा नेता केडी भंडारी के घर का घेराव किया। बठिंडा में भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा के दौरे के विरोध में करीब सौ किसान धरने पर बैठ गए।   

जालंधर में सांसद हंस और भंडारी के घर का घेराव कर रहे किसानों के मुताबिक उनके साथी दिल्ली में भीषण ठंड में प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार नए कृषि सुधार कानूनों को वापस न लेने पर अड़ी हुई है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक दिल्ली बॉर्डर से आंदोलन खत्म नहीं होता तब तक पंजाब में भाजपा का कोई कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। इसके अलावा भाजपा के सभी नेताओं का विरोध जारी रहेगा। इस दौरान किसानों ने मोबाइल टावर भी बंद करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां टावर लगे हैं उन्हें भी किसान बंद करेंगे।