You are currently viewing मोहाली में हाई अलर्ट, 16 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; CM मान और संसद भी निशाने पर

मोहाली में हाई अलर्ट, 16 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; CM मान और संसद भी निशाने पर

मोहाली: मोहाली और आसपास के इलाकों में बुधवार की सुबह दहशत भरी रही। शहर के कई नामी स्कूलों और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुबह करीब साढ़े 7 बजे आई एक ईमेल में दावा किया गया कि इन शिक्षण संस्थानों में दोपहर 1:11 बजे बम धमाके किए जाएंगे। धमकी का दायरा केवल स्कूलों तक सीमित नहीं था, बल्कि इस ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी मानव बम से उड़ाने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, ईमेल में 13 फरवरी को दोपहर 2:11 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।

स्कूल खुलने से पहले मची अफरातफरी, बच्चों को गेट से लौटाया

धमकी भरी यह ईमेल स्कूलों के खुलने के निर्धारित समय सुबह 8:50 बजे से ठीक पहले प्राप्त हुई। मेल देखते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। स्कूल मैनेजमेंट ने अभिभावकों को ‘अर्जेंट मैसेज’ भेजकर बच्चों को वापस ले जाने का आग्रह किया। हालात ऐसे बन गए कि जो स्कूल बसें बच्चों को लेकर गेट तक पहुंची थीं, उन्हें वहीं से वापस लौटा दिया गया। किसी भी छात्र या स्टाफ को स्कूल के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया, जिससे अभिभावकों और बच्चों में डर का माहौल बन गया।

बम निरोधक दस्ते तैनात, 300 जवान कर रहे निगरानी

बम की सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस पूरी तरह ‘हाई अलर्ट’ मोड पर आ गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित स्कूलों के आसपास के इलाकों को सील कर दिया और बम निरोधक दस्तों (Bomb Squad) के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। डीएसपी सिटी हरसिमरन बल लर्निंग पाथ स्कूल पहुंचे, जबकि डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी चहल पैरागॉन स्कूल में मोर्चा संभाले हुए थे। मोहाली के एसएसपी हरमनदीप हंस ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोहाली के अलावा फतेहगढ़ साहिब, रोपड़ और चंडीगढ़ से भी बम निरोधक टीमें बुलाई गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए 15 सीनियर अफसरों के नेतृत्व में 300 जवानों को तैनात किया गया है।

16 स्कूलों को मिला ईमेल, खालिस्तान का जिक्र

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) गिन्नी दुग्गल और एसएसपी के मुताबिक, अब तक मोहाली सिटी, खरड़ और जीरकपुर के कुल 16 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इनमें पैरागॉन, लर्निंग पाथ, माइंड ट्री, जीडी गोयनका, विवेक स्कूल और इंडस जैसे प्रमुख स्कूल शामिल हैं। धमकी भरी ईमेल की सामग्री बेहद संवेदनशील है। इसमें लिखा गया है कि ‘पंजाब अब खालिस्तान है’ और हिंदू आतंकवादी मोदी के आदेशों पर पंजाब के नौजवानों का कत्लेआम हो रहा है। मेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का सदस्य बताया है और नीचे इंजीनियर गुरनाख सिंह व रुकन शाहवाला का नाम लिखा है। मेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी 13 फरवरी को संसद हमले में निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

Mohali on high alert, 16 schools threatened with bombings; CM Mann and Parliament also targeted